home page

राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप तैयार किया गया है आईटीईपी पाठ्यक्रम : डॉ. तनुजा भट्ट

 | 
राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप तैयार किया गया है आईटीईपी पाठ्यक्रम : डॉ. तनुजा भट्ट


कानपुर, 11 जून (हि.स.)। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) कानपुर के स्कूल ऑफ टीचर एजुकेशन में चार वर्षीय इंटीग्रेटेड टीचर एजुकेशन प्रोग्राम (आईटीईपी) में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 की भावना के अनुरूप तैयार किया गया यह पाठ्यक्रम गुणवत्तापूर्ण, प्रशिक्षित और नवाचारी शिक्षकों के निर्माण की दिशा में विश्वविद्यालय की महत्वपूर्ण पहल है। अभ्यर्थी एनसीईटी-2026 में शामिल होने के बाद विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर पंजीकरण कर प्रवेश के लिए आवेदन कर सकते हैं।

यह बातें गुरुवार को स्कूल ऑफ टीचर एजुकेशन की निदेशक डॉ. तनुजा भट्ट ने कहीं। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ टीचर एजुकेशन में सत्र 2026-27 के लिए चार वर्षीय इंटीग्रेटेड टीचर एजुकेशन प्रोग्राम (आईटीईपी) में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार यह पाठ्यक्रम राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप तैयार किया गया है, जिसका उद्देश्य विद्यालयी शिक्षा के लिए दक्ष, प्रशिक्षित और आधुनिक शिक्षकों का निर्माण करना है।

स्कूल ऑफ टीचर एजुकेशन की निदेशक डॉ. तनुजा भट्ट ने बताया कि यह कार्यक्रम विद्यार्थियों को प्रारंभिक स्तर से ही शिक्षक शिक्षा से जोड़ते हुए उन्हें व्यावसायिक दक्षता प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि बदलते शैक्षिक परिवेश में ऐसे शिक्षकों की आवश्यकता है जो विषय ज्ञान के साथ नवाचार और शोध की समझ भी रखते हों। स्कूल के सहायक निदेशक डॉ. गोपाल सिंह ने बताया कि आईटीईपी पाठ्यक्रम में विद्यार्थियों को विषय ज्ञान के साथ शिक्षण कौशल, शोध अभिरुचि और व्यावहारिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा। इससे छात्र भविष्य में उत्कृष्ट शिक्षक के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर सकेंगे।

उन्होंने बताया कि इस शैक्षणिक सत्र में बी.एससी.-बी.एड. तथा बी.ए.-बी.एड. दोनों पाठ्यक्रमों में 50-50 सीटों पर प्रवेश लिया जाएगा। दोनों पाठ्यक्रमों की वार्षिक फीस 50 हजार रुपये निर्धारित की गई है। प्रवेश के लिए अभ्यर्थी का एनसीईटी (नेशनल कॉमन एंट्रेंस टेस्ट)-2026 में शामिल होना अनिवार्य है। पात्र अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इच्छुक अभ्यर्थियों से समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप