home page

नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने में सीएसजेएमयू को मिली चार स्टार रेटिंग : प्रो. विनय पाठक

 | 
नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने में सीएसजेएमयू को मिली चार स्टार रेटिंग : प्रो. विनय पाठक


कानपुर, 18 अक्टूबर (हि.स.)। नवाचार, अनुसंधान और उद्यमिता को बढ़ावा देना उच्च शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। विद्यार्थियों को नए विचारों पर काम करने, समस्याओं के व्यावहारिक समाधान खोजने और स्टार्टअप के लिए प्रेरित करने की दिशा में विश्वविद्यालय लगातार प्रयास कर रहा है। शिक्षकों और विद्यार्थियों के सामूहिक प्रयासों से मिली उपलब्धि भविष्य में भी बेहतर काम करने के लिए प्रोत्साहित करेगी। यह बातें रविवार को छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने विश्वविद्यालय को चार स्टार रेटिंग मिलने पर कही।

विश्वविद्यालय को भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के इनोवेशन सेल ने शैक्षणिक सत्र 2024-25 के लिए पांच में से चार स्टार रेटिंग प्रदान की है। मूल्यांकन में विश्वविद्यालय ने 100 में से 79.38 अंक हासिल किए। इससे नवाचार और उद्यमिता के क्षेत्र में संस्थान के प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।

विश्वविद्यालय की प्रदर्शन रिपोर्ट के अनुसार, सत्र के दौरान कुल 93 गतिविधियां प्रस्तुत की गई थीं, जिनमें से 90 को स्वीकृति मिली। मूल्यांकन में गतिविधियों के प्रदर्शन को 80 प्रतिशत और सहभागिता को 20 प्रतिशत भार दिया गया था। गतिविधि प्रदर्शन में 74.67 अंक और सहभागिता में 4.71 अंक मिले। दोनों को मिलाकर विश्वविद्यालय का कुल स्कोर 79.38 रहा।

शिक्षा मंत्रालय का इनोवेशन सेल उच्च शिक्षण संस्थानों में संचालित इंस्टीट्यूशन्स इनोवेशन काउंसिल की गतिविधियों का आकलन करता है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों और शिक्षकों में रचनात्मक सोच, उद्यमशीलता, स्टार्टअप संस्कृति और व्यावहारिक समस्याओं का समाधान खोजने की क्षमता विकसित करना है।

विश्वविद्यालय में कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक के मार्गदर्शन में नवाचार, अनुसंधान और उद्यमिता से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। इस उपलब्धि में शिक्षकों, विद्यार्थियों, छात्र समन्वयकों और इंस्टीट्यूशन्स इनोवेशन काउंसिल की भूमिका रही। विश्वविद्यालय ने आगे भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बौद्धिक संपदा अधिकार, उद्योग-अकादमिक सहयोग और नवाचार के क्षेत्र में प्रयास जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप