home page

नए शैक्षणिक सत्र के लिए सीएसजेएमयू तैयार, तीन जुलाई से करीब छह हजार विद्यार्थियों का होगा स्वागत : कुलपति

 | 
नए शैक्षणिक सत्र के लिए सीएसजेएमयू तैयार, तीन जुलाई से करीब छह हजार विद्यार्थियों का होगा स्वागत : कुलपति


कानपुर, 02 जुलाई (हि.स.)। विश्वविद्यालय में प्रवेश लेने वाला प्रत्येक विद्यार्थी हमारे परिवार का महत्वपूर्ण सदस्य है। हमारा प्रयास है कि उन्हें सुरक्षित, समावेशी और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण मिले, जहां वे शिक्षा के साथ अपने व्यक्तित्व, नेतृत्व क्षमता और नवाचार का भी विकास कर सकें। नया शैक्षणिक सत्र विद्यार्थियों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा। यह बातें गुरुवार को छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के शुभारंभ से पूर्व कहीं।

विश्वविद्यालय में तीन जुलाई से नियमित कक्षाएं शुरू होंगी। नए सत्र में अब तक लगभग 5,500 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है, जबकि करीब छह हजार विद्यार्थियों के विश्वविद्यालय परिसर में पहुंचने की संभावना है। नवप्रवेशी विद्यार्थियों के स्वागत के लिए परिसर में व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी संकायों और विभागों में हेल्प डेस्क स्थापित किए हैं। यहां विद्यार्थियों को प्रवेश, पंजीकरण, पाठ्यक्रम, समय-सारिणी, पुस्तकालय, प्रयोगशालाओं, छात्रवृत्ति, डिजिटल सेवाओं और अन्य सुविधाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। प्रत्येक विभाग में ओरिएंटेशन कार्यक्रम भी आयोजित होंगे, जिससे विद्यार्थी विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था से परिचित हो सकें।

छात्र अधिष्ठाता कल्याण प्रो. अंशु यादव ने बताया कि छात्र कल्याण कार्यालय प्रवेश, छात्रावास, छात्रवृत्ति, स्वास्थ्य सेवाओं, खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों और अन्य छात्र हित से जुड़े मामलों में सहायता उपलब्ध कराएगा। विद्यार्थियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

एडमिशन कोऑर्डिनेटर डॉ. प्रभात द्विवेदी ने बताया कि ओरिएंटेशन कार्यक्रमों में विद्यार्थियों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020, परीक्षा प्रणाली, शोध एवं नवाचार, रोजगारपरक पाठ्यक्रम, कौशल विकास योजनाओं, एनसीसी, एनएसएस, साइबर सुरक्षा और एंटी-रैगिंग नियमों की जानकारी दी जाएगी।

चीफ प्रॉक्टर डॉ. शशिकांत त्रिपाठी ने कहा कि परिसर में सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखने के लिए प्रोक्टोरियल टीम पूरी तरह सक्रिय रहेगी। एंटी-रैगिंग व्यवस्था को और प्रभावी बनाया गया है तथा नियमित निगरानी की जाएगी। उन्होंने वरिष्ठ विद्यार्थियों से नए छात्रों का सहयोग करने की अपील भी की।

चीफ वार्डन डॉ. बी.पी. सिंह ने बताया कि छात्रावास आवंटन प्रक्रिया व्यवस्थित ढंग से संचालित की जा रही है। छात्रावासों में आवास, मेस, सुरक्षा, स्वच्छता और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है।

डीन एकेडमिक प्रो. बृष्टि मित्रा ने कहा कि सभी विभागों में शैक्षणिक तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और पहले दिन से गुणवत्तापूर्ण शिक्षण सुनिश्चित किया जाएगा। वहीं, मीडिया प्रभारी डॉ. दिवाकर अवस्थी ने बताया कि विद्यार्थियों और अभिभावकों की सुविधा के लिए परिसर में हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं, ताकि उन्हें सभी आवश्यक जानकारी आसानी से उपलब्ध कराई जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप