home page

छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय कानपुर के 175 पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरु

 | 
छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय कानपुर के 175 पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरु


कानपुर, 05 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय कानपुर (सीएसजेएमयू) में सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। विश्वविद्यालय के 175 कोर्सों में ऑनलाइन पंजीकरण शुरू कर दिया गया है। छात्रों के लिए प्रवेश प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाया गया है। विभिन्न कोर्सों में परीक्षा और मेरिट के आधार पर दाखिला दिया जाएगा।

यह जानकारी रविवार को डीन एकेडमिक प्रो. बृष्टि मित्रा ने दी। । उन्हाेंने बताया कि सभी छात्रों को पारदर्शी और सरल प्रक्रिया के तहत प्रवेश दिया जाएगा। उन्हाेंने बताया कि विश्वविद्यालय परिसर में संचालित 13 स्कूलों के कुल 175 कोर्सों में दाखिले के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार 18 कोर्सों में प्रवेश विभिन्न प्रकार की प्रवेश परीक्षाओं के माध्यम से किया जाएगा। यूआईईटी की सभी शाखाओं में दाखिला जॉइंट एंट्रेंस एग्जामिनेशन (जेईई) के जरिए होगा, जबकि फार्मेसी में जीपीएटी, बीएड में जॉइंट एंट्रेंस एग्जाम और इंटीग्रेटेड टीचर्स एजुकेशन प्रोग्राम में एनडीए के माध्यम से प्रवेश दिया जाएगा। इसके अलावा एमसीए, मास्टर ऑफ हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेशन, एमए क्लिनिकल साइकोलॉजी, बीएससी क्लिनिकल साइकोलॉजी, एमएड और बीफार्मा जैसे कोर्सों में विश्वविद्यालय स्तर पर प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी।

वहीं 157 कोर्सों में मेरिट के आधार पर डायरेक्ट एडमिशन दिया जाएगा। कुछ कोर्सों में पर्सनल इंटरव्यू और ग्रुप डिस्कशन भी चयन प्रक्रिया का हिस्सा होंगे। विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. दिवाकर अवस्थी ने बताया कि छात्र विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.csjmu.ac.in पर जाकर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। वेबसाइट पर उपलब्ध एडमिशन ब्रोशर में सभी कोर्सों की सीट संख्या, फीस, कोर्स कोऑर्डिनेटर का विवरण और संपर्क नंबर दिए गए हैं।

ऑनलाइन पंजीकरण के दौरान छात्रों को फोटो, हस्ताक्षर, शैक्षणिक और व्यक्तिगत विवरण अपलोड करना होगा। पंजीकरण शुल्क 300 रुपये निर्धारित किया गया है, जिसे ऑनलाइन माध्यम से जमा करना होगा। अधिक जानकारी के लिए छात्र संबंधित विभागों से सीधे संपर्क भी कर सकते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप