मुरादाबाद के 63 किसानों के खातों में भेजे फसल क्षतिपूर्ति के 11.78 लाख
मुरादाबाद, 05 मई (हि.स.)। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना एवं पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना के तहत मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में 63 किसानों को 11.78 लाख की क्षतिपूर्ति दी गई। ब्लाक प्रमुख मनीष कुमार की मौजूदगी में मुरादाबाद में फसल बीमा के लिए नामित ईफको टोकियो कंपनी के जनपदीय प्रतिनिधि रोबिन विश्नोई ने मौसम रबी 2025-26 में 62 किसानों के आवेदनों के सापेक्ष 1178667 रुपये और खरीफ मौसम 2025 के शेष रह गए एक किसान को 2772 रुपये खाते में हस्तांतरित किए।
उप कृषि निदेशक संतोष कुमार द्विवेदी ने बताया कि खरीफ 2025 में कुल 1699 किसानों को 7073753 रुपये खाते में दिए गए हैं, रबी 2025-26 में अवशेष किसानों को क्षतिपूर्ति देने की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने कहा कि फसल की क्षति होने पर 14447 पर फोन करके या उप कृषि निदेशक कार्यालय, जिला कृषि अधिकारी कार्यालय में सूचना जरूर दें।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

