home page

कानपुर में गंगा किनारे मृत मिला मगरमच्छ, सिर पर गंभीर चोट के मिले निशान

 | 
कानपुर में गंगा किनारे मृत मिला मगरमच्छ, सिर पर गंभीर चोट के मिले निशान


कानपुर, 12 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर के जाजमऊ थाना क्षेत्र में गंगा किनारे रविवार सुबह एक मगरमच्छ मृत अवस्था में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। करीब चार से पांच फीट लंबे मगरमच्छ के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं, जबकि शरीर पर भी जख्म दिखाई दिए। वन विभाग ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

घटना मटुक शहीद के भट्टे के पास गंगा तट की है। जहां कुछ बच्चे नदी किनारे क्रिकेट खेल रहे थे। इसी दौरान उनकी गेंद गंगा की ओर चली गई। गेंद लेने पहुंचे बच्चों ने किनारे पर मगरमच्छ का शव पड़ा देखा। बच्चों के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। मौके पर मौजूद लोगों ने देखा कि मगरमच्छ के सिर की हड्डी क्षतिग्रस्त थी और शरीर पर भी चोट के कई निशान थे। सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग को घटना की जानकारी दी गई। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि मगरमच्छ अवैध रूप से मछली पकड़ने वालों के जाल में फंस गया होगा। उनका आरोप है कि जाल से निकालने के दौरान किसी भारी वस्तु से उसके सिर पर हमला किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि अधिकारियों ने अभी इस संभावना की पुष्टि नहीं की है और मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

जाजमऊ थाना प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि घटना की सूचना वन विभाग को दे दी गई है। वन विभाग की टीम मगरमच्छ के शव का पोस्टमार्टम कराकर मौत के कारणों की जांच करेगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप