क्रिकेट देश की भावनाओं से जुड़ा उत्सव, फाइनल में जीतेगी टीम इंडिया: प्रकाश पाल
कानपुर, 08 मार्च (हि.स.)। आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल मैच में भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले मुकाबले से पहले कानपुर के काकादेव स्थित तुलसी नगर में क्रिकेट प्रेमियों ने टीम इंडिया की जीत के लिए विशेष हवन-पूजन किया। इसमें भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, भाजपा जिलाध्यक्ष उत्तर अनिल दीक्षित समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और क्रिकेट प्रेमी मौजूद रहे।
हवन-पूजन के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के साथ खिलाड़ियों के बेहतर प्रदर्शन और भारत की जीत के लिए आहुति दी गई। श्रद्धालुओं ने प्रार्थना की, कि टीम इंडिया फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड को हराकर देश को गौरवान्वित करे।
भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहा कि भारत में क्रिकेट केवल एक खेल नहीं बल्कि करोड़ों लोगों की भावनाओं से जुड़ा उत्सव है। भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया है और हमें विश्वास है कि फाइनल मुकाबले में भी खिलाड़ी बेहतरीन खेल दिखाकर देश को जीत दिलाएंगे।
जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने कहा कि देशभर के लोग टीम इंडिया की जीत के लिए उत्साहित हैं। खिलाड़ियों ने जिस तरह पूरे टूर्नामेंट में प्रदर्शन किया है, उससे देशवासियों की उम्मीदें और भी बढ़ गई हैं। उन्होंने कहा कि सकारात्मक ऊर्जा और विजय की कामना के साथ हवन-पूजन का आयोजन किया गया है, ताकि भारतीय टीम मैदान पर शानदार प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करे।------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

