home page

अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाएं : जिलाधिकारी

 | 
अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाएं : जिलाधिकारी


मुरादाबाद , 21 जून (हि.स.)। आमजन को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा स्वस्थ समाज की स्थापना के उद्देश्य से मुरादाबाद महानगर के थाना सिविल लाइन क्षेत्र स्थित आदर्श कॉलोनी (भातू कॉलोनी) में आठ दिवसीय मेगा स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ रविवार को जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने किया। यह मेगा कैंप 28 जून तक प्रतिदिन संचालित होगा।

जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाने तथा आदर्श कॉलोनी के सभी पात्र नागरिकों को स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

शिविर के प्रथम दिवस विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों द्वारा प्रदान किया गया।

शिविर में कुल 176 मरीजों का ओपीडी पंजीकरण एवं उपचार किया गया। इस दौरान 20 आयुष्मान भारत कार्ड बनाए गए। टीबी की 25 जांचें एवं 47 एक्स-रे किए गए। साथ ही एचपीवी की 2 जांचें, 7 संक्रामक रोग स्क्रीनिंग, 11 त्वचा रोग स्क्रीनिंग, 6 नेत्र रोग स्क्रीनिंग तथा 8 फिजियोथेरेपी परामर्श एवं जांचें की गईं। इसके अतिरिक्त 52 रोगियों की रक्त जांच भी की गई।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. कुलदीप सिंह, उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. विकास सिंह, उप मुख्य चिकित्साधिकारी एवं डीटीओ डॉ. एनके कुरैचया, उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. प्रवीण श्रीवास्तव, उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संजीव बेलबाल, अर्बन हेल्थ कोऑर्डिनेटर प्रमोद कुमार, वार्ड पार्षद साधना सहित डॉ. अनुज सिंह श्री साईं हॉस्पिटल और आदर्श कॉलोनीवासी उपस्थित रहे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल