home page

बाढ़ प्रभावित 176 गांवों में 35 चेक पोस्ट, 24 घंटे निगरानी : पुलिस आयुक्त

 | 
बाढ़ प्रभावित 176 गांवों में 35 चेक पोस्ट, 24 घंटे निगरानी : पुलिस आयुक्त


कानपुर, 19 अगस्त (हि.स.)। कानपुर नगर में बाढ़ प्रभावित 176 गांवों में सुरक्षा के मद्देनजर 35 चेक पोस्ट बनाए गए हैं। इनमें 36 सदस्यीय एनडीआरएफ टीम के साथ 100 गोताखोर, होमगार्ड और सिविल पुलिस के जवान तैनात हैं, जो 24 घंटे निगरानी कर रहे हैं। गंगा स्नान के दौरान पूर्व में हुई घटनाओं को देखते हुए घाटों के आसपास बैरिकेडिंग कर लोगों को गहरे पानी में जाने से रोका जा रहा है। जिन घरों तक पानी पहुंच गया है, उन्हें सुरक्षित स्थान और सेंटर होम में जाने के लिए कहा जा रहा है। यह बातें बुधवार को गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सरसैया घाट से अटल घाट तक स्टीमर से निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने कहीं।

पुलिस आयुक्त ने गंगा किनारे के इलाकों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को लगातार निगरानी बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत और सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि गंगा का जलस्तर बढ़ने से नदी किनारे रहने वाले लोगों के लिए खतरा बना हुआ है। ऐसे में लोग सतर्क रहें और नदी के किनारे जाने के साथ ही गहरे पानी में उतरने से बचें। जल पुलिस की टीम लगातार गंगा में निगरानी कर रही है। एनडीआरएफ की टीम भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

आयुक्त ने गंगा किनारे रहने वाले लोगों से प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जलस्तर बढ़ने की स्थिति में लोग सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए तैयार रहें। जिन परिवारों के घरों में पानी पहुंच चुका है, वे बिना देरी किए सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं।

घाटों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। पूर्व में गंगा स्नान के दौरान हुई घटनाओं को देखते हुए घाटों के आसपास बैरिकेडिंग की गई है, ताकि लोग नदी में अधिक अंदर तक न जा सकें। पुलिस और राहत दलों को भी लगातार सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप