home page

गौ-सेवा, सुरक्षा और संवर्धन पूरे समाज की जिम्मेदारी : मनीष

 | 
गौ-सेवा, सुरक्षा और संवर्धन पूरे समाज की जिम्मेदारी : मनीष


कानपुर, 17 नवंबर (हि.स.)। गौमाता की सेवा, सुरक्षा और संवर्धन पूरे समाज का सामूहिक दायित्व है। इसके लिए सभी को आगे आकर अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। यह बातें मंगलवार को आनंदेश्वर नगर स्थित आनंदेश्वर गौशाला में गोपाष्टमी पर आयोजित गौ-पूजन कार्यक्रम में विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) के विभाग संगठन मंत्री मनीष ने कहीं।

गोपाष्टमी पर्व पर विहिप कानपुर की ओर से शहर में विभिन्न स्थानों पर धार्मिक और सेवा कार्यक्रम आयोजित किए गए। आनंदेश्वर गौशाला में जिलाध्यक्ष एसके गुप्ता और प्रखंड अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। जिला गौ संवर्धन प्रमुख विनय चौरसिया ने कार्यक्रम का संयोजन किया। इसके बाद विभाग संगठन मंत्री मनीष ने गौमाता की आरती और पूजन किया। उपस्थित लोगों ने गौमाता को हरा चारा खिलाकर गौ-सेवा की। कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष नवीन दारोलिया, जिला सह मंत्री अनुराग श्रीवास्तव, जिला सह संयोजक अनुभव श्रीवास्तव, जिला समरसता प्रमुख राजकुमार यादव, मातृशक्ति जिला सह संयोजिका शशि दीदी और एडवोकेट अमरावती सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

वहीं, श्रद्धानंद पार्क स्थित श्रद्धेश्वर बाल हनुमान मंदिर परिसर में विहिप, बजरंग दल, मातृशक्ति और दुर्गा वाहिनी की ओर से विहिप के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष और श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण आंदोलन के प्रमुख सेनापति अशोक सिंहल की 11वीं पुण्यतिथि मनाई गई। इस अवसर पर 108 सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ के साथ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-यज्ञ किया गया।

बजरंग दल के पूर्व राष्ट्रीय संयोजक प्रकाश शर्मा ने अशोक सिंहल के जीवन और उनके योगदान को याद करते हुए कार्यकर्ताओं से उनके बताए मार्ग पर चलकर हिन्दू समाज को सशक्त बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। गोपाष्टमी के अवसर पर यहां गौमाता के चित्र का पूजन कर गौ-संरक्षण और संवर्धन का संकल्प भी लिया गया। कार्यक्रम में उमेश शास्त्री, अर्चना तिवारी, ओमकार, शैलेंद्र, आनंद, नकुल, कुश गुप्ता, आशीष, मानू, कालीचरण जायसवाल, चेतन, नमो, सचिन गुप्ता, निलेश गुप्ता, नरेश, रवि, डॉ. अरुण शर्मा, आदित्य मिश्रा, मुकेश, प्रमोद, यश, पीयूष गुप्ता और वरुण तुलसियान सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप