home page

कांवड़ यात्रा को लेकर एडीजी जोन ने किया घाट का निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था पर दिए सख्त निर्देश

 | 
कांवड़ यात्रा को लेकर एडीजी जोन ने किया घाट का निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था पर दिए सख्त निर्देश


कांवड़ यात्रा को लेकर एडीजी जोन ने किया घाट का निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था पर दिए सख्त निर्देश

फर्रुखाबाद,31जुलाई (हि. स.)। कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से एडीजी जोन अनुपमा कुलश्रेष्ठ ने पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के साथ थाना कादरी गेट क्षेत्र स्थित पांचाल घाट पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने घाट क्षेत्र में साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए किए गए इंतजामों का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एडीजी ने संबंधित अधिकारियों से कांवड़ यात्रा मार्ग, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरों, पुलिस बल की तैनाती और आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। एडीजी अनुपमा कुलश्रेष्ठ ने घाट क्षेत्र में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ-साथ साफ-सफाई की व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाए।

पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने बताया कि कांवड़ यात्रा को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। संवेदनशील स्थानों की पहचान कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। इसके अलावा, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष योजना भी तैयार की गई है। निरीक्षण के दौरान पुलिस और प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar