home page

'न्यायालय आपके द्वार', 107 राजस्व वादों का मौके पर निस्तारण

 | 
'न्यायालय आपके द्वार', 107 राजस्व वादों का मौके पर निस्तारण


'न्यायालय आपके द्वार', 107 राजस्व वादों का मौके पर निस्तारण


'न्यायालय आपके द्वार', 107 राजस्व वादों का मौके पर निस्तारण


देवरिया, 30 अप्रैल (हि.स.)। जन समस्याओं को त्वरित समाधान एवं शासन की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जनपद के ग्राम गौरा बंगार, रायपुरा चकलाल, लवरछी व बरहज बांगर में “न्यायालय आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत गुरुवार को विशेष कैंप आयोजित किए गए। इन कैंपों में 107 राजस्व वादों का मौके पर ही निस्तारण कर वादकारियों को राहत प्रदान की गई।

इसी क्रम में जिलाधिकारी दिव्या मित्तल की अध्यक्षता में ग्राम गौरा टोला, कटइलवा में जन चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए कैंपों के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ वितरित किया गया। इस दौरान राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, नाविकों को लाइफ जैकेट, बच्चों को पाठ्य पुस्तकें तथा जैविक दवाओं सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया गया। साथ ही छूटे हुए लाभार्थियों को चिन्हित कर उन्हें योजनाओं से आच्छादित करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने चौपाल स्थल पर लगे विभिन्न विभागों के स्टालों का अवलोकन किया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया गया तथा गर्भवती महिलाओं को पोषण पोटली वितरित कर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया।

चौपाल में बच्चों द्वारा सरस्वती वंदना, स्वागत गीत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिसकी जिलाधिकारी ने सराहना की। प्रस्तुति देने वाले बच्चों को बैग वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने कहा कि “शासन की मंशा है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचे।उन्होंने कहा कि‘न्यायालय आपके द्वार’ और जन चौपाल जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से प्रशासन सीधे गांवों तक पहुंचकर समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित कर रहा है।” उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कोई भी पात्र लाभार्थी योजनाओं से वंचित न रहे तथा छूटे हुए लोगों को चिन्हित कर शीघ्र आच्छादित किया जाए। साथ ही उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं और किसी भी समस्या के समाधान के लिए प्रशासन से संपर्क करें।

प्रशासन द्वारा “गांव की समस्या, गांव में समाधान” के संकल्प के साथ जनसेवा को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर एडीएम बरहज हरिशंकर लाल, तहसीलदार, खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ), सीडीपीओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक