home page

पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर ट्रक ने काउंसलर को कुचला, मौत

 | 

बाराबंकी, 09 मार्च (हि.स.)। जनपद के हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर सोमवार तड़के एक सड़क हादसा हुआ। हादसे में एक अज्ञात ट्रक ने स्कार्पियो सवार विंध्यानंद वर्मा (45) को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

बिहार के पटना निवासी विंध्यानंद वर्मा ग्लोबल राइट कंसल्टेंसी में काउंसलर के पद पर कार्यरत थे। वे अपनी पत्नी मंजू, दोस्त राजेंद्र रजा और ड्राइवर विजय कुमार के साथ अपनी स्कार्पियो से एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने दिल्ली जा रहे थे। भोर पहर करीब चार बजे जब उनकी कार एक्सप्रेसवे पॉइंट पर पहुंची, तो ड्राइवर विजय को नींद आने लगी। इसके बाद उसने गाड़ी किनारे खड़ी कर दी। विंध्यानंद खुद ड्राइविंग सीट संभालने के लिए नीचे उतरे और गेट के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक स्कार्पियो के ड्राइवर साइड वाले गेट से सटकर निकला, जिससे गाड़ी का अगला हिस्सा और गेट बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। विंध्यानंद उस समय गेट खोलकर सीट पर बैठने ही जा रहे थे कि ट्रक उन्हें रौंदते हुए फरार हो गया। गनीमत रही कि विंध्यानंद की पत्नी और दोस्त कार के अंदर ही बैठे थे, जिससे उनकी जान बच गई। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और लहूलुहान शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया शुरू की। प्रभारी निरीक्षक अभिमन्यु मल्ल ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। इस घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी