home page

नगर निगम के गेट पर भाजपा पार्षद ने मुंडन कर जताया विरोध

 | 
नगर निगम के गेट पर भाजपा पार्षद ने मुंडन कर जताया विरोध


फिरोजाबाद, 16 अप्रैल (हि.स.)। नगर निगम के वार्ड संख्या 32 के पार्षद नीटू शर्मा ने बुधवार को नगर निगम कार्यालय के गेट पर अपने सिर का मुंडन स्वयं कर लिया। पार्षद का आरोप है कि नगर निगम में भ्रष्टाचार फैला हुआ है और पार्षदों की अधिकारी बात नहीं सुनते हैं। नगर निगम फिरोजाबाद के वार्ड संख्या 32 के पार्षद नरेश उर्फ नीटू शर्मा ने बुधवार को नगर निगम कार्यालय पहुंचे। जहां उन्होंने गेट पर एक मशीन से खुद ही अपने सिर का मुंडन करना शुरू कर दिया। यह देख वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। निगम के कर्मचारी भी वहां आ गए। जिन्होंने पार्षद को रोकना चाहा लेकिन उन्होंने अपने सिर का मुंडन कर विरोध जताया। पार्षद नीटू शर्मा का कहना है कि वह भाजपा के पार्षद है। उनका आरोप है नगर निगम को सरकार शहर के विकास के लिए काफी फंड दे रही है लेकिन विकास नहीं हो रहा। पूरा पैसा भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रहा है। जिससे सरकार की साख खराब हो रही है और जनता खुद को ठगा सा महसूस कर रही है। नगर निगम में पार्षदों की कोई बात नहीं सुन रहा। अधिकारी मनमाने तरीके से काम कर रहे है। हिमायूंपुर में जो सड़क बनी है उसके गुणवत्ता खराब है। उसकी जांच कराने की दाे महीने से मांग की जा रही है लेकिन अभी तक जांच नहीं हो सकी है। इसके विरोध में आज उन्होंने अपना मुंडन किया है। जिससे उनकी बात सरकार तक पहुंच सके। हालांकि उन्होंने नगर निगम की महापौर कामिनी राठौर को स्वच्छ और साफ छवि का नेता बताया। उनका आरोप है कि अधिकारी और कर्मचारी पार्षदों की नहीं सुनते है। उन्होंने नगर निगम के भ्रष्ट अधिकारियों व कर्मचारियों पर कार्यवाही की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़