केजीएमयू के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे रक्षामंत्री राजनाथ सिंह
लखनऊ, 11 जुलाई (हि.स.)। किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय के 13 जुलाई को होने वाले 22 दीक्षांत समारोह में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह शामिल होंगे। समारोह की अध्यक्षता राज्यपाल आनंदीबेन पटेल करेंगी। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक व चिकित्सा शिक्षा व स्वास्थ्य राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह भी उपस्थित रहेंगे। यह जानकारी केजीएमयू की कुलपति प्रो.सोनिया नित्यानंद ने शनिवार को केजीएमयू में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान दी।
कुलपति ने बताया कि दीक्षांत समारोह में कुल 1701 उपाधियां प्रदान की जायेंगी। जिनमें 515 डिग्री केजीएमयू कैंपस की व 1186 डिग्री केजीएमयू से संबद्ध कालेजों की हैं। दीक्षांत समारोह के दौरान पीएचडी के 11,डीएम के 38,एमसीएच 31,एमडी 18,एमएस 05,एमएचपीइ 09,एमफिल 01,एमएससी नर्सिंग 1 व बीएससी नर्सिंग की 99 डिग्री प्रदान की जायेगी। प्रो.सोनिया नित्यानंद ने बताया कि इस बार हीवेट गोल्ड मेडल और चांसलर गोल्ड मेडल समेत कुल 16 मेडल एमबीबीएस की छात्रा दीप्ति शर्मा को दिये जायेंगे।
दीक्षांत समारोह में एम्स पटना के पूर्व निदेशक डाॅ.जी.के.सिंह की पुस्तक 'कहै कोउ कितनउ करैया कोई और है' का विमोचन अतिथियों द्वारा किया जायेगा।
प्रो.सोनिया नित्यानंद ने केजीएमयू की उपलब्धियों की चर्चा करते हुए बताया कि ट्रामा सेंटर में 24 घंटे नि:शुल्क इलाज मरीजों का किया जाता है। एचआरएफ का 250 करोड़ का वार्षिक टर्नओवर है। 150 करोड़ के करीब आयुष्मान योजना के तहत मरीजों का इलाज होता है। इसके अलावा नई आर्थोपेडिक सुपरस्पेशिलिटी बिल्डिंग का निर्माण कार्य पूर्ण हुआ। इसके अलावा नर्या कार्डियोलोजी ब्लाॅक 96 आईसीयू बेड का जिसमें दो कैथ लैब,बर्न यूनिट व टेलीमेडिसिन सेंटर का कार्य पूर्ण हुआ। कुलपति ने यह भी बताया कि केजीएमयू में 500 बेड का नया ट्रामा सेंटर निर्माणाधीन है।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

