home page

मुरादाबाद की मुस्तफा मस्जिद कमेटी के पदाधिकारियों ने बरेली मरकज से किया संपर्क

 | 
मुरादाबाद की मुस्तफा मस्जिद कमेटी के पदाधिकारियों ने बरेली मरकज से किया संपर्क


- एमडीए ने 8 सितंबर को नोटिस जारी कर 15 दिन में निर्माण खुद हटाने के दिए है निर्देश

मुरादाबाद, 15 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में दिल्ली रोड पर बनीं मुस्तफा मस्जिद को अवैध निर्माण का नोटिस मिलने के बाद मस्जिद कमेटी के पदाधिकारियों ने बरेली मरकज से संपर्क किया है। बरेलवी मरकज से जुड़े संगठन जमात रजा-ए-मुस्तफा ने भी एमडीए की कार्रवाई पर आपत्ति जताई है। संगठन ने मुरादाबाद के लोगों से संयम और शांति बनाए रखने की अपील की है।

मुरादाबाद के थाना पाकबड़ा क्षेत्र में दिल्ली रोड पर करीब 300 वर्ग मीटर सरकारी जमीन पर बनी मुस्तफा मस्जिद को मुरादाबाद विकास प्राधिकरण (एमडीए) ने अवैध निर्माण मानते हुए 8 सितंबर को मुस्तफा मस्जिद के मुतवल्ली को नोटिस जारी कर 15 दिन में निर्माण खुद हटाने के निर्देश दिए हैं। तय अवधि में निर्माण नहीं हटाया गया तो एमडीए की टीम बुलडोजर से इसे हटाएगी।

मस्जिद प्रबंधन से जुड़े जीशान जब्बार ने बताया कि बरेली मरकज में लोगों ने अपनी चिंताएं उलमा-ए-इकराम को बताई हैं। जमात के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सलमान हसन खान ने कहा कि मुस्तफा मस्जिद कोई नया निर्माण नहीं है। यह मस्जिद प्राधिकरण के अस्तित्व में आने से पहले से कायम है। उन्होंने सवाल उठाया कि किस नियम के तहत यह कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने पूछा, क्या धार्मिक स्थलों की वैधता तय करने के लिए अलग-अलग पैमाने हैं, क्या केवल एक ही समुदाय के धार्मिक स्थलों को बार-बार नोटिस का सामना करना पड़ेगा। अगर कानून सभी के लिए समान है तो सभी धार्मिक स्थलों पर समान नियम क्यों नहीं दिखते।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल