home page

कल्याण मंडपम के सफल मॉडल का होगा विस्तार

 | 
कल्याण मंडपम के सफल मॉडल का होगा विस्तार


गोरखपुर, 09 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ईज ऑफ लिविंग (जीवन सुगमता) विजन के अनुरूप गोरखपुर में वार्ड स्तर पर सर्वसुविधायुक्त कल्याण मंडपम की श्रृंखला खड़ी हो रही है। समाज के अल्प एवं मध्यम आय वर्ग के लोगों के मांगलिक, पारिवारिक और अन्य सार्वजनिक आयोजनों के लिए मैरिज हाउस का रियायती विकल्प देने के लिए वार्ड नंबर 22, जटेपुर में भी भव्य ‘कल्याण मंडपम’ का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) की तरफ से टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

समाज के हर वर्ग के जीवन में सुगमता लाने के लिए योगी सरकार ने बीते साढ़े नौ वर्षों में आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण से लेकर जनकल्याण तक कई पहल की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ‘कल्याण मंडपम’ की परिकल्पना भी इसी कड़ी का हिस्सा है। मुख्यमंत्री ने गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) और नगर निगम को यह विजन दिया था कि वे निम्न और मध्यम आय वर्ग के लोगों को उनके मांगलिक और सार्वजनिक आयोजनों के लिए कल्याण मंडपम बनाकर मैरिज हाउस का बेहतरीन विकल्प दें। सीएम के निर्देश के बाद कल्याण मंडपम का निर्माण शुरू हुआ। गोरखपुर में अब तक आठ कल्याण मंडपम बन चुके हैं, दो निर्माणाधीन हैं और अब एक नए के निर्माण की औपचारिक कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है।

जीडीए के उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल के अनुसार नया कल्याण मंडपम जटेपुर में बनाया जाएगा। इसके निर्माण पर करीब 3.85 करोड़ खर्च होने का अनुमान है। यह कल्याण मंडपम भी आधुनिक शहरी सुविधाओं और आकर्षक वास्तुकला से सुसज्जित होगा। कल्याण मंडपम 4540 वर्गमीटर क्षेत्रफल में विकसित होगा। भवन का निर्माण भूतल और प्रथम तल तक होगा। इसका कुल बिल्ट अप एरिया 1480 वर्गमीटर (भूतल 768 और प्रथम तल 712) प्रस्तावित है। कल्याण मंडपम में बड़े हाल के साथ रूम, किचन, स्टोर, ऑफिस, डॉरमेट्री और दोनों तलों पर महिलाओं एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग टॉयलेट बनाए जाएंगे। जटेपुर में कल्याण मंडपम बनने से स्थानीय नागरिकों को विवाह, समाजिक आयोजन, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा सामूहिक उत्सवों के लिए आमजन को काफी सहूलियत मिलेगी।

जीडीए उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल का कहना है कि कल्याण मंडपम आम और मध्यम वर्गीय परिवारों के खुशियों का संबल बन रहा है। शासन की मंशा के अनुरूप जीडीए का प्रयास है कि आर्थिक सीमाओं के चलते किसी भी परिवार के मांगलिक उत्सव की भव्यता और गरिमा कम न होने पाए। हर नागरिक को उनके घर के नजदीक आधुनिक और सुलभ आयोजन स्थल कराने के सिलसिले को कल्याण मंडपम के रूप में आगे बढ़ाया जा रहा है।

अब तक क्रियाशील कल्याण मंडपम

खोराबार, सूरजकुंड, मानबेला, राप्तीनगर विस्तार क्षेत्र के टोला पीरू शहीद, बिछिया जंगल तुलसीराम, जंगल बेनी माधव, बशारतपुर और जंगल नकहा नंबर दो।

निर्माणाधीन कल्याण मंडपम

वार्ड नंबर 7 महादेव झारखंडी तथा वार्ड नंबर 2 बाबा राघवदास नगर के सेमरा में।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय