कैंपस निर्माण में हादसे से छात्र की मौत, विरोध में कॉलेज में तोड़फोड़
कानपुर, 25 फरवरी (हि.स.)। सचेण्डी थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित परविंदर सिंह इंस्टिट्यूट ऑफ़ टेक्नोलॉजी (पीएसआईटी) में बीते सोमवार को कैंपस निर्माण कार्य मे लगी जेसीबी से टकराकर बीसीए फाइनल ईयर के छात्र की मौत हो गयी थी। जिसके विरोध में बुधवार को हजारों छात्रों ने कालेज परिसर में घुसकर खिड़की, दरवाजे और टेबल तोड़ दी। तोड़फोड़ की सूचना पर सर्किल फोर्स समेत सात से आठ थानों की पुलिस और पीएसी मौके पर पहुंची। इस दौरान छात्रों की पुलिस से भी झड़प हो गई। घण्टों चले बवाल के बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझा बुझाकर शांत कराया।
--क्या है पूरा मामला?
बीते सोमवार को पीएसआईटी परिसर में निर्माण कार्य चल रहा था। जिस वजह से पूरे कैंपस में धूल उड़ रही थी। ऐसे में विजिबिलिटी काफी कम हो गई थी। इस दौरान चकेरी के जेकेपुरी का रहने वाला बीसीए फाइनल ईयर का छात्र प्रखर सिंह अपनी बाइक से जा रहा था। कम विजिबिलिटी के चलते उसकी बाइक परिसर में खड़ी जेसीबी से टकरा गई। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन फानन में उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
कॉलेज प्रशासन की इसी लापरवाही से नाराज आज हजारों छात्रों ने कॉलेज परिसर में जमकर तोड़फोड़ की। इस दौरान उग्र छात्रों ने कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए खिड़की दरवाजे, टेबल और खिड़कियां तोड़ दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छात्रों को समझने का प्रयास किया लेकिन उग्र छात्र पुलिस से ही भिड़ गए। इसके बाद पुलिस ने छात्रों को दौड़ा दौड़ा कर लाठियां मारी। जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस घटना में कुछ छात्र घायल भी हुए हैं।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने अब कॉलेज प्रबंधन के सामने कुछ मांगे रखी हैं। जिनमें से प्रमुख मांग यह है कि छात्र प्रखर सिंह के परिजनों को आर्थिक सहायता देने के साथ ही पूरी फीस माफ की जाए। मृतक छात्र के मामले में लापरवाही बढ़ाने वाले स्टाफ को भी दंडित किया जाए। प्रवेश और छुट्टी होने के समय किसी भी तरह का कोई निर्माण कार्य न कराया जाए।
वहीं पुलिस उपायुक्त पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने कहा कि पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किए जाने की बात असत्य है। दो दिवस पूर्व एक युवक की कॉलेज परिसर में वाहन दुर्घटना में घायल होने के उपरांत उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। उक्त घटना के संबंध में सम्बंधित कॉलेज के छात्रों द्वारा कॉलेज प्रशासन के विरुद्ध परिसर में कॉलेज प्रशासन द्वारा छात्रों से वार्ता की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

