home page

बाराबंकी: पीएसी बैरक में सिपाही का शव फंदे से लटका मिला

 | 
बाराबंकी: पीएसी बैरक में सिपाही का शव फंदे से लटका मिला


बाराबंकी, 02 अगस्त (हि.स.)। जिले की 10वीं वाहिनी पीएसी परिसर स्थित बैरक में रविवार तड़के 2021 बैच के सिपाही का शव कमरे के अंदर फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पीएसी अधिकारी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी।

मृतक की पहचान 10वीं वाहिनी पीएसी में तैनात सिपाही दीपक सिंह (30) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से मेरठ जिले के रोहटा थाना क्षेत्र का निवासी था। रविवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर साथी जवानों को संदेह हुआ। दरवाजा खोलने पर दीपक का शव फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए।

प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि सिपाही द्वारा यह कदम उठाने के पीछे के वास्तविक कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच के दौरान ऑनलाइन गेमिंग से जुड़े पहलू की भी पड़ताल की जा रही है, लेकिन फिलहाल इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

सब इंस्पेक्टर रशीद खान ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा परिजनों को सूचना दे दी गई है। उन्होंने कहा कि आत्महत्या के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी