home page

यमुना नदी में नहाने समय सिपाही की डूबने से मौत, पांच घंटे बाद मिला शव

 | 
यमुना नदी में नहाने समय सिपाही की डूबने से मौत, पांच घंटे बाद मिला शव


बांदा, 28 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में चिल्ला थाने में तैनात 27 वर्षीय सिपाही की यमुना नदी में नहाते समय पैर फिसलने से डूबकर मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से करीब पांच घंटे तक तलाशी अभियान चलाया, जिसके बाद नदी के बीच से शव बरामद कर लिया गया। घटना से पुलिस विभाग और परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।

चिल्ला थाने में तैनात सिपाही अनुराग सिंह भदौरिया पुत्र महेंद्र सिंह भदौरिया रविवार को यमुना पुल के उस पार ललौली थाना क्षेत्र स्थित एक परचून की दुकान पर अपनी बाइक खड़ी कर करीब दो किलोमीटर पैदल नदी किनारे पहुंचा। कपड़े उतारकर नहाने के दौरान उनका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। देखते ही देखते वह डूब गया। नदी किनारे मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर चिल्ला थाना प्रभारी आनंद साहू, सीओ सदर सौरभ सिंह, पपरेंदा चौकी प्रभारी अंश त्यागी तथा ललौली थाना पुलिस पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से करीब पांच घंटे तक चले सर्च अभियान के बाद सिपाही का शव नदी के बीच से बरामद कर लिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

परिजनों के अनुसार अनुराग सिंह भदौरिया की शादी 24 नवंबर 2024 को कानपुर के सरसौल-महाराजपुर निवासी सेजल सिंह से हुई थी। उनका चार माह का पुत्र शिवांश सिंह है। बेटे की मौत की खबर से मां शांति देवी, पत्नी सेजल सिंह और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के पिता महेंद्र सिंह ने बताया कि उनका परिवार कानपुर के सरसौल में रहता है और उनकी इलेक्ट्रॉनिक की दुकान है। अनुराग की तैनाती 26 मई 2026 को चिल्ला थाने में हुई थी। इससे पहले वह कमासिन थाने में तैनात थे। अनुराग परिवार के इकलौते बेटे थे। उनकी एक बहन नेहा सिंह हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। वहीं, मृतक के ससुर रनबीर सिंह तोमर, जो चरखारी में हेड कांस्टेबल पद पर तैनात हैं, ने बताया कि सेजल उनके दो बच्चों में सबसे बड़ी है। इस हादसे से दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

इस सम्बन्ध में क्षेत्राधिकारी सदर सौरभ सिंह ने बताया कि आज 28 जून को थाना चिल्ला में तैनात आरक्षी अनुराग सिंह भदौरिया बिना किसी को सूचना दिए केन और यमुना नदी के संगम स्थल पर नहाने चले गए। जब स्थानीय लोगों द्वारा थाना पुलिस को सूचना दी कि तो तत्काल पुलिस द्वारा स्थानीय गोताखोरों की मदद से उक्त आरक्षी के शव को बरामद कर लिया गया। शव को पोस्टमॉर्टम हेतु भेजा गया है। अग्रिम विधिक कार्रवाई प्रचलित है ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह