जिंदा बुजुर्ग को मृत दिखाकर जमीन हड़पने की साजिश, दो पर मुकदमा
बाराबंकी, 03 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में रामनगर थाना क्षेत्र के पारा बेहटा गांव में एक बुजुर्ग को सरकारी अभिलेखों में मृत दर्शाकर उनकी 5.590 हेक्टेयर पैतृक भूमि हड़पने की कोशिश का मामला सामने आया है। पीड़ित छक्कन निषाद की शिकायत पर न्यायालय के आदेश से पुलिस ने दो आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
आरोप है कि बहराइच निवासी रमेश वर्मा और जवाहरलाल वर्मा ने पंचायत सचिव से मिलीभगत कर 27 दिसंबर 2021 को छक्कन का फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवा लिया। इसके बाद परिवार रजिस्टर में भी उन्हें मृत दर्ज करा दिया और स्वयं को उनका रिश्तेदार दर्शाकर जमीन पर दावा करने की कोशिश की। आरोपियों पर दूसरे व्यक्ति की फोटो लगाकर बैंक खाता खुलवाने और फर्जी शपथ पत्र तैयार कराने का भी आरोप है।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि एक सितंबर 2026 को ब्लॉक से लौटते समय दोनों ने लाठी-डंडों से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सीओ गरिमा पंत ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

