सोशल मीडिया पर पुलिस की कड़ी निगरानी, 13 युवक गिरफ्तार
गोरखपुर, 25 जून (हि.स.)। जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सोशल मीडिया पर फैल रही अराजक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में कैंपियरगंज थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया के माध्यम से आक्रामकता फैलाने और शांति व्यवस्था भंग करने की साजिश रच रहे 13 व्यक्तियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, ये सभी युवक सोशल मीडिया पर ग्रुप बनाकर आपत्तिजनक और भड़काऊ गतिविधियों में लिप्त थे। इनके द्वारा आम जनता को परेशान करने, दूसरों को उकसाने और क्षेत्र में अशांति फैलाने की कोशिश की जा रही थी। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए इन पर नजर रखी और कार्रवाई करते हुए सभी को गिरफ्तार कर लिया।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। पुलिस अधीक्षक उत्तरी और क्षेत्राधिकारी कैंपियरगंज के मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में टीम ने यह सफलता हासिल की।
पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक, उकसाने वाली या कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
गिरफ्तार किए गए आरोपिताें में प्रभाकर यादव निवासी हरनाथपुर, ऋषिकेश साहनी (दो अलग-अलग पते), विकास उर्फ छोटू, अनूप गुप्ता, गुलशन साहनी, शेरू खान, रिंकू यादव, रितिक गुप्ता, शिवम शर्मा, दीपांशु पासवान, प्रतीक यादव और नीरज पाल शामिल हैं। सभी की उम्र लगभग 19 से 28 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इन युवकों द्वारा सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की जा रही थी, जिसे समय रहते विफल कर दिया गया। साथ ही अन्य संदिग्ध गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया का प्रयोग जिम्मेदारी से करें और किसी भी प्रकार की अफवाह, भड़काऊ पोस्ट या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। साथ ही चेतावनी दी गई है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

