home page

पुल हादसे को लेकर पूर्व सांसद के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने दिया धरना

 | 
पुल हादसे को लेकर पूर्व सांसद के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने दिया धरना


हादसे वाली जगह पर मलबे से दुर्गन्ध उठने पर कांग्रेसी भड़के

आश्वासन पर कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल ने प्रशासन को दिया ज्ञापन

हमीरपुर, 30 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में पूर्व सांसद बृजलाल खाबरी के नेतृत्व में कांग्रेस के प्रतिनिधि मंडल ने शनिवार को बेतवा पुल हादसे को लेकर मौके पर पहुंचकर धरना दिया। पूर्व सांसद ने कहा कि मलबे से दुर्गन्ध उठ रही है जिससे लगता है कि मलबे के नीचे अभी कुछ लोगों के शव दबे है। क्रेन से मलबा हटवाने के पुलिस के आश्वासन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल ने हमीरपुर आकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है।

पूर्व सांसद बृजराज खाबरी के नेतृत्व में पूर्व विधायक जगदीश नारायण शर्मा, गयादीन अनुरागी, गोविन्द अहिरवार, प्रदुम्म कुमार लालू दुबे, हिमांशू सैनी, नीलम निषाद, दिनेश सिंह समेत तमाम कार्यकर्ताओं ने हादसे वाली जगह का निरीक्षण किया। मलबे के नीचे से आ रही दुर्गन्ध पर प्रतिनिधि मंडल मौके पर धरने पर बैठ गया। कांग्रेसियों ने आरोप लगाया कि ग्रामीणों से जानकारी मिली है कि तीन मजदूर लापता हैं जिनके मोबाइल फोन बंद है। हादसे के बाद इन मजदूरों का कोई पता नहीं है। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि बड़ी क्रेन मंगाई गई है जल्द ही मलबा हटवाया जाएगा। इस आश्वासन के बाद कांग्रेसियों ने धरना समाप्त कर हमीरपुर आ गए। यहां प्रशासन को ज्ञापन देकर मृतकों के परिजनों को पचास-पचास लाख का मुआवजा व पुल बनाने वाली कंपनी तथा लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ जांच कराई जाए। पुल बनाने वाली कंपनी को ब्लैक लिस्टेड करने की भी मांग की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा