महंगाई-बेरोजगारी के खिलाफ सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी कांग्रेस : अजय राय
कानपुर, 15 मार्च (हि.स.)। देश में प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता की परंपरा को मजबूत करना कांग्रेस की मूल विचारधारा रही है। आज महंगाई, बेरोजगारी और आम जनता की बढ़ती समस्याओं के खिलाफ कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करने के लिए पूरी तरह तैयार है। यह बातें रविवार को कानपुर में आयोजित होली मिलन समारोह के दौरान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहीं।
कानपुर महानगर कांग्रेस की ओर से भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें अजय राय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में शहर के विभिन्न धर्मों, वर्गों और समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया। समारोह की अध्यक्षता महानगर कांग्रेस अध्यक्ष पवन गुप्ता ने की।
इस अवसर पर पवन गुप्ता ने प्रदेश अध्यक्ष अजय राय काे तलवार भेंटकर और पगड़ी पहनाकर भव्य स्वागत किया तथा उन्हें डॉ. भीमराव आंबेडकर का चित्र भी भेंट किया। कार्यक्रम की शुरुआत कांशीराम की जयंती पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद सभी के माथे पर चंदन का टीका लगाया गया और फूलों की होली खेलकर एकता व सौहार्द का संदेश दिया गया।
अपने संबोधन में अजय राय ने कहा कि वर्तमान समय में गैस की किल्लत के कारण व्यापार के साथ-साथ धार्मिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं। कई प्राचीन मंदिरों में प्रसाद बनाने में भी कठिनाई हो रही है। उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि देश के स्वाभिमान को कमजोर करने वाली नीतियों का कांग्रेस पुरजोर विरोध करेगी।
वहीं महानगर कांग्रेस अध्यक्ष पवन गुप्ता ने कहा कि यह होली मिलन समारोह केवल सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि आगामी चुनावों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के संकल्प और तैयारी का प्रतीक भी है।
कार्यक्रम में शहर के अनेक सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और नागरिक मौजूद रहे। पूरे आयोजन के दौरान होली के गीत, भजन, नारों और फूलों की होली के बीच उत्साह और जोश का माहौल बना रहा।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

