home page

सामाजिक न्याय की लड़ाई मजबूती से लड़ेगी कांग्रेस : पवन गुप्ता

 | 
सामाजिक न्याय की लड़ाई मजबूती से लड़ेगी कांग्रेस : पवन गुप्ता


कानपुर, 31 मई (हि.स.)। कांग्रेस पार्टी हमेशा से पिछड़े, दलित, शोषित और वंचित वर्गों की आवाज रही है और सामाजिक न्याय की भावना को कमजोर करने के किसी भी प्रयास का मजबूती से मुकाबला किया जाएगा। पार्टी संविधान और सामाजिक बराबरी की लड़ाई को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। यह बातें रविवार को कानपुर महानगर कांग्रेस अध्यक्ष पवन गुप्ता ने कहीं।

कानपुर महानगर कांग्रेस कमेटी की ओर से जूही क्षेत्र में आयोजित पिछड़ा वर्ग सामाजिक न्याय सम्मेलन में बड़ी संख्या में पिछड़े समाज के प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। वक्ताओं ने उनके समाज सेवा, न्याय और जनकल्याण के कार्यों को याद करते हुए श्रद्धांजलि दी।

पवन गुप्ता ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगातार पिछड़ों, युवाओं, किसानों और गरीबों के अधिकारों की आवाज संसद से सड़क तक उठा रहे हैं। कांग्रेस पार्टी जितनी संख्या भारी, उतनी हिस्सेदारी के सिद्धांत को प्रत्येक क्षेत्र में लागू कराने के लिए संकल्पित है।

पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के अध्यक्ष एवं सम्मेलन संयोजक राम नवल कुशवाहा ने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा ने देश में सामाजिक न्याय, आरक्षण और समान अवसरों की नींव को मजबूत किया है। उन्होंने पिछड़े समाज से संगठित होकर संविधान और अपने अधिकारों की रक्षा के लिए आगे आने का आह्वान किया।

सम्मेलन में सामाजिक न्याय, शिक्षा, रोजगार, भागीदारी और पिछड़े वर्ग के अधिकारों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। इस अवसर पर रामू प्रजापति, मंगलू राजपूत, अजय पाल, नरेश पाठक, आलोक मिश्रा, विकास अवस्थी, प्रताप साहनी, डॉ. बृजेश सिंह कटियार, देवीप्रसाद निषाद, विजय बहादुर पासवान सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप