जनता के मुद्दों पर प्रधानमंत्री से जवाब मांगेगी कांग्रेस : पवन गुप्ता
कानपुर, 28 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 07 जुलाई को प्रस्तावित कानपुर दौरे के दौरान कांग्रेस जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी और लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराएगी। पेपर लीक, महंगाई, बेरोजगारी, किसानों और छोटे व्यापारियों की समस्याओं समेत अन्य विषयों पर प्रधानमंत्री से जवाब मांगा जाएगा। यह बातें रविवार को कानपुर महानगर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष पवन गुप्ता ने तिलक हाल में आयोजित बैठक में कहीं।
बैठक में प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर विरोध कार्यक्रम की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने आंदोलन की रूपरेखा तैयार करते हुए विभिन्न मुद्दों पर जनता की आवाज बुलंद करने का निर्णय लिया।
पवन गुप्ता ने कहा कि नीट समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याएं, छोटे व्यापारियों की परेशानियां, सैनिकों की शहादत से जुड़े मामलों तथा अयोध्या श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के चढ़ावे में कथित अनियमितताओं जैसे विषयों पर केंद्र सरकार को जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि इन मुद्दों पर सरकार जवाबदेही से बच रही है।
बैठक में तय किया गया कि विरोध कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा जल्द घोषित की जाएगी और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता इसमें शामिल होंगे।
बैठक में हरप्रकाश अग्निहोत्री, पदम मोहन मिश्रा, राकेश साहू, ग्रीन बाबू सोनकर, धर्मेंद्र सिंह, प्रदीप द्विवेदी, बृजभान राय, मुन्ना जफर जाकिर, अमिताभ दत्त मिश्रा, शिवनारायण शर्मा, राम प्रकाश तिवारी सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

