home page

कानपुर : आधी रात चौक सराफा में फहराया जाएगा तिरंगा, कांग्रेस निकालेगी शोभायात्रा : पवन गुप्ता

 | 
कानपुर : आधी रात चौक सराफा में फहराया जाएगा तिरंगा, कांग्रेस निकालेगी शोभायात्रा : पवन गुप्ता


कानपुर, 12 अगस्त (हि.स.)। आजादी के बाद से कानपुर में 14 अगस्त की रात 12 बजते ही झंडा फहराने की परंपरा चली आ रही है। इस वर्ष भी कांग्रेस इस परंपरा का निर्वहन करेगी और स्वतंत्रता दिवस पर भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह बातें बुधवार को कानपुर महानगर कांग्रेस अध्यक्ष पवन गुप्ता ने कहीं।

कांग्रेस महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस पर कानपुर में होने वाली शोभायात्रा आजादी के बाद से लगातार आयोजित की जा रही है। यह आयोजन शहर की विशिष्ट परंपराओं में शामिल हो चुका है। उन्होंने बताया कि 14 अगस्त की रात चौक सराफा में ठीक 12 बजे तिरंगा फहराया जाएगा। इसके साथ ही स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों की शुरुआत होगी।

उन्होंने बताया कि झंडारोहण से पहले देर शाम से सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित जाएंगें। रात में बच्चे, युवा और बुजुर्ग बड़ी संख्या में कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे। इस दौरान देशभक्ति के नारों के साथ स्वतंत्रता दिवस का उत्सव मनाया जाएगा।

आगे उन्होंने बताया कि वर्ष 1947 में देश की आजादी के समय कानपुर में लोगों में खासा उत्साह था। शहर को रोशनी से सजाया गया था और विभिन्न स्थानों पर कव्वाली, कीर्तन, आल्हा और कवि सम्मेलन जैसे कार्यक्रम हुए थे। आजादी की घोषणा के अवसर पर 14 अगस्त की रात ही तिरंगा फहराया गया था। इसके बाद से कांग्रेस की ओर से हर वर्ष आधी रात को झंडारोहण की परंपरा जारी है।

कार्यक्रम की तैयारियों की जिम्मेदारी वरिष्ठ नेता पदम मोहन मिश्रा, चौक सराफा अध्यक्ष शांतनु दीक्षित और विजय शर्मा संभाल रहे हैं। वरिष्ठ नेता शंकर दत्त मिश्रा से लगातार मार्गदर्शन लिया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप