home page

सोशल मीडिया पर मोहम्मद साहब पर टिप्पणी से नाराज कांग्रेस ने एडीएम को सौंपा ज्ञापन, कार्रवाई की मांग

 | 
सोशल मीडिया पर मोहम्मद साहब पर टिप्पणी से नाराज कांग्रेस ने एडीएम को सौंपा ज्ञापन, कार्रवाई की मांग


जौनपुर, 13जुलाई (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में सोशल मीडिया पर कथित धार्मिक टिप्पणी को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को एडीएम परमानन्द झा को ज्ञापन सौंपकर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह और शहर कांग्रेस अध्यक्ष आरिफ खान के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि सोशल मीडिया पर किसी भी धर्म या धार्मिक महापुरुष के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करती है और ऐसे मामलों में प्रशासन को निष्पक्ष एवं त्वरित कार्रवाई करनी चाहिए।

ज्ञापन सौंपने के बाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि पूनम सिंह नाम की एक सोशल मीडिया उपयोगकर्ता द्वारा पैगम्बर मुहम्मद साहब के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई हैं, जिससे मुस्लिम समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी धर्म या उसके आराध्य के प्रति अपमानजनक भाषा का प्रयोग स्वीकार्य नहीं है। ऐसे मामलों में कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई होनी चाहिए ताकि समाज में शांति और सौहार्द बना रहे।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष आरिफ खान ने कहा कि सभी धर्म समान रूप से सम्मान के पात्र हैं और किसी भी धर्मगुरु या धार्मिक प्रतीक के खिलाफ अभद्र टिप्पणी सामाजिक तनाव का कारण बन सकती है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।

ज्ञापन सौंपने के दौरान डॉ. परमेंद्र सिंह, जिला उपाध्यक्ष राकेश सिंह 'डब्बू', पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष संजय माली, सभासद शहनवाज मंजूर, अबुजर शेख, जिला सचिव इरशाद खान, मुहम्मद ताहिर सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव