राष्ट्रीय पदक विजेता रोहित यादव के माता-पिता का कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने किया सम्मान
जौनपुर, 06 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने साेमवार काे विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में जेवलिन थ्रो स्पर्धा में राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर जौनपुर का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ी रोहित यादव के पैतृक गांव जौनपुर जिले के अदारी डबिया पहुंचकर उनके माता-पिता का सम्मान किया। उन्होंने रोहित के पिता सभाजीत यादव और माता पुष्पा देवी को अंगवस्त्र, स्मृति चिह्न एवं पुष्प भेंट कर बधाई दी। इस अवसर पर अजय राय ने कहा कि प्रतिभा किसी पहचान की मोहताज नहीं होती और देश की असली प्रतिभाएं गांवों तथा किसान परिवारों से निकलती हैं। उन्होंने कहा कि रोहित यादव ने अपनी मेहनत और लगन के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर न केवल जौनपुर बल्कि पूरे प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह, शहर अध्यक्ष आरिफ खान, संगठन प्रभारी राकेश मिश्रा, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष रेखा सिंह सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

