home page

प्रदेश में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाएं सरकार की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती : अजय राय

 | 

जौनपुर,06 जुलाई (हि.स.)। जौनपुर में जफराबाद थाना क्षेत्र के धनेजा गांव में चार वर्षीय बच्ची के अपहरण, दुष्कर्म और हत्या की घटना के बाद सोमवार को उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और हरसंभव न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया।

पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद अजय राय ने घटना को बेहद दर्दनाक और अमानवीय बताते हुए प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में अपराधियों के मन से कानून का डर खत्म हो गया है, जिसके चलते महिलाएं और मासूम बच्चियां भी सुरक्षित नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगातार बढ़ रही हत्या, दुष्कर्म, चोरी और अन्य आपराधिक घटनाएं सरकार की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं। अजय राय ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार अपराध पर प्रभावी नियंत्रण करने में विफल रही है। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर राजनीतिक हमला बोलते हुए अयोध्या में राम मंदिर के चंदे और चढ़ावे से जुड़े कथित अनियमितताओं का भी उल्लेख किया।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आस्था से जुड़े मामलों में भी जवाबदेही सुनिश्चित करने में विफल रही है। साथ ही कहा कि प्रदेश की जनता सभी मुद्दों पर सरकार से जवाब मांग रही है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग करते हुए दोषियों के खिलाफ त्वरित एवं कड़ी कानूनी कार्रवाई की आवश्यकता पर बल दिया।-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव