home page

महंगाई और पेपर लीक के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, खच्चरों के साथ जताया विरोध

 | 
महंगाई और पेपर लीक के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, खच्चरों के साथ जताया विरोध


कानपुर, 05 जून (हि.स.)। लगातार बढ़ती महंगाई और प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं को लेकर महानगर कांग्रेस कमेटी ने शुक्रवार को कानपुर दक्षिण में अनोखा प्रदर्शन किया। गोविंद नगर स्थित शास्त्री चौक चौराहे पर आयोजित प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में खच्चरों पर केंद्रीय मंत्रियों के पोस्टर लगाकर प्रतीकात्मक विरोध दर्ज कराया। इस दौरान ढोलक और मंजीरे की थाप पर नारेबाजी करते हुए महंगाई और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष पवन गुप्ता और प्रदर्शन के संयोजक एवं कांग्रेस प्रदेश महासचिव जे.पी. पाल के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि बढ़ती महंगाई ने आम लोगों का घरेलू बजट बिगाड़ दिया है और रसोई गैस, खाद्य पदार्थों तथा रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं।

प्रदेश महासचिव जे.पी. पाल ने कहा कि केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों और अनदेखी के कारण आम जनता पर लगातार बोझ बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि महंगाई पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग सबसे अधिक प्रभावित हो रहा है।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष पवन गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखेगी और जनता की आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से लेने में विफल रही है।

एआईसीसी सदस्य विकास अवस्थी ने प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक के मामलों को युवाओं के भविष्य से जुड़ा गंभीर विषय बताते हुए कहा कि नीट सहित विभिन्न परीक्षाओं में सामने आई अनियमितताओं ने लाखों छात्रों का भरोसा कमजोर किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा प्रणाली में लगातार खामियां उजागर होने के बावजूद सरकार प्रभावी सुधार लागू नहीं कर पा रही है।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाए और महंगाई व पेपर लीक के मुद्दों पर कार्रवाई की मांग की। कार्यक्रम में प्रतिभा अटल पाल, सीता अग्निहोत्री, पदम मोहन मिश्रा, अनुराग सिंह पाल, राम स्वरूप तिवारी, दीपक शर्मा, शीलू श्रीवास्तव, मनोज वाल्मीकि, राजेश सविता समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप