home page

इंदिरा गांधी प्रतिमा स्थल के बाहर बने चबूतरे की जांच के लिए कांग्रेस-सपा ने उठाई आवाज, 24 घंटे में दस्तावेज मांगे

 | 
इंदिरा गांधी प्रतिमा स्थल के बाहर बने चबूतरे की जांच के लिए कांग्रेस-सपा ने उठाई आवाज, 24 घंटे में दस्तावेज मांगे


कानपुर, 25 अगस्त (हि.स.)। इंदिरा गांधी प्रतिमा स्थल के मुख्य द्वार के बाहर बनाए गए चबूतरे के निर्माण की जांच कर यह पता लगाया जाए कि इसे किसकी अनुमति से बनाया गया है। 24 घंटे के भीतर निर्माण से संबंधित वैध अनुमति और कागजात प्रस्तुत किए जाएं। यदि दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए जाते हैं तो नियमानुसार इसे हटाने की कार्रवाई की जाए। यह बातें मंगलवार को आर्यनगर विधायक अमिताभ बाजपेयी और कानपुर महानगर कांग्रेस कमेटी के नगर अध्यक्ष पवन गुप्ता ने कही।

माल रोड स्थित भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की प्रतिमा स्थल के सौंदर्यीकरण कार्य का आज आर्यनगर विधायक अमिताभ बाजपेयी ने लोकार्पण किया। प्रतिमा स्थल के मुख्य द्वार के बाहर बनाए गए चबूतरे को लेकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया। भारी बारिश के बीच कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मानव श्रृंखला बनाकर निर्माण का विरोध किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच नोकझोंक भी हुई।

विधायक अमिताभ बाजपेयी मौके पर पहुंचे और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं तथा कार्यकर्ताओं से लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होने का अनुरोध किया। इसके बाद कांग्रेस और सपा नेताओं की मौजूदगी में सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने इंदिरा गांधी की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया।

चबूतरे के निर्माण को लेकर विधायक ने अधिकारियों से जांच कराने को कहा। उन्होंने निर्माण की अनुमति और स्वीकृति से संबंधित दस्तावेज 24 घंटे में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि निर्माण के संबंध में वैध दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए जाते हैं तो नियमानुसार चबूतरे को हटाने की कार्रवाई की जाए।

कांग्रेस महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता ने कहा कि प्रतिमा के मुख्य द्वार के सामने निर्माण किसकी अनुमति से कराया जा रहा है, यह स्पष्ट किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि निर्माण से संबंधित स्वीकृति और दस्तावेज सामने नहीं आए हैं। कांग्रेस और सपा नेताओं ने मंडलायुक्त, कानपुर मंडल के नाम ज्ञापन सौंपकर निर्माण की जांच कराने, अनुमति से संबंधित अभिलेख सार्वजनिक करने और निर्माण अनधिकृत पाए जाने पर उसे हटाने की मांग की।

पवन गुप्ता ने कहा कि मेट्रो निर्माण के दौरान प्रतिमा स्थल को नुकसान पहुंचने और प्रवेश द्वार बंद होने के बाद अब सौंदर्यीकरण के समय मुख्य द्वार के सामने निर्माण कराया जाना उचित नहीं है। कांग्रेस और सपा नेताओं ने प्रतिमा स्थल की मूल गरिमा बनाए रखने तथा प्रतिमा के साथ किसी भी तरह की छेड़छाड़ नहीं करने की मांग की।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष हरप्रकाश अग्निहोत्री ने कहा कि यदि निर्माण नहीं हटाया गया तो कांग्रेस और सपा कार्यकर्ता मिलकर बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगे। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी की प्रतिमा और प्रतिमा स्थल की रक्षा के लिए आंदोलन जारी रखा जाएगा।

कार्यक्रम में कांग्रेस जिलाध्यक्ष पवन गुप्ता, पूर्व अध्यक्ष हरप्रकाश अग्निहोत्री, मदन मोहन शुक्ला, रामगोपाल पुरी, नीरज सिंह, पार्षद रजत बाजपेई, विजय त्रिवेदी, चंकी गुप्ता, दुर्गेश चक, विशाल शुक्ला, बबलू जायसवाल, बंटी पांडेय समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता तथा क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप