home page

मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए कांग्रेस ने लगाया सहायता कैंप, पवन गुप्ता ने दिया सहयोग का भरोसा

 | 
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए कांग्रेस ने लगाया सहायता कैंप, पवन गुप्ता ने दिया सहयोग का भरोसा


कानपुर, 14 जून (हि.स.)। मतदाता सूची से नाम कटने वाले नागरिकों के नाम दोबारा जुड़वाने में कांग्रेस पार्टी हर संभव सहायता करेगी और कोई भी पात्र मतदाता अपने अधिकार से वंचित नहीं रहेगा। यह बातें रविवार को महानगर कांग्रेस अध्यक्ष पवन गुप्ता ने कही।

मतदाता सूची में नाम कटने की समस्या से जूझ रहे नागरिकों की सहायता के लिए रविवार को कानपुर महानगर कांग्रेस कमेटी की ओर से वोटर जागरूकता अभियान के तहत सुंदर नगर, पनकी में विशेष सहायता कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में क्षेत्रीय मतदाताओं को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई गई तथा आवेदन पत्र भरने में सहयोग किया गया।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष पवन गुप्ता ने कहा कि जिन मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हट गए हैं, उनके नाम पुनः जुड़वाने के लिए कांग्रेस पार्टी सक्रिय रूप से सहायता करेगी। उन्होंने बताया कि फॉर्म-6 भरवाकर पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने की प्रक्रिया में कांग्रेस कार्यकर्ता सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम वोटर लिस्ट में शामिल कराया जाएगा।

कैंप संयोजक प्रतिभा अटल पाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हर जरूरतमंद मतदाता तक पहुंचकर उसकी सहायता करेगी ताकि कोई भी नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे। उन्होंने लोगों से मतदाता सूची में अपना नाम जांचने और आवश्यक होने पर आवेदन करने की अपील भी की।

कार्यक्रम में विवेक पाल, ज्ञानेंद्र अवस्थी, सुरेश प्रकाश मौर्य, संतोष पाल, राम प्रकाश तिवारी, लाल जी पांडे, किशन पाल, अशोक पाल, चंद्र प्रकाश पाल, सुरेश पाल, आर.के. पाल सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप