home page

मेलोडी खाओ, महंगाई भूल जाओ कहकर कांग्रेस ने जताया पेट्रोल मूल्यवृद्धि का विरोध

 | 
मेलोडी खाओ, महंगाई भूल जाओ कहकर कांग्रेस ने जताया पेट्रोल मूल्यवृद्धि का विरोध


कानपुर, 26 मई (हि.स.)। देश की आम जनता महंगाई से कराह रही है। पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस और रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। पेट्रोल 100 रुपये प्रति लीटर पार पहुंच चुका है, जिससे मध्यम वर्ग, किसान, व्यापारी और नौकरीपेशा लोगों का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है। सरकार जनता की समस्याओं से बेखबर है। यह बातें मंगलवार को कानपुर महानगर कांग्रेस अध्यक्ष पवन गुप्ता ने कहीं।

लगातार बढ़ती महंगाई और पेट्रोल की कीमतों के विरोध में मंगलवार को कानपुर महानगर कांग्रेस ने बड़े चौराहा स्थित पेट्रोल पंप पर अनोखा प्रदर्शन किया। महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल भरवाने पहुंचे दोपहिया और चौपहिया वाहन चालकों को मेलोडी टॉफ़ी बांटकर व्यंग्यात्मक तरीके से विरोध दर्ज कराया।

इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “मेलोडी खाओ खुशी मनाओ” और “मेलोडी खाओ महंगाई भूल जाओ” जैसे नारे लगाकर केंद्र सरकार की नीतियों पर कटाक्ष किया। पवन गुप्ता ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयान का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा सरकार की गलत आर्थिक नीतियों और टैक्स वसूली के कारण आम आदमी पर लगातार बोझ बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन केवल प्रतीकात्मक विरोध नहीं, बल्कि जनता की पीड़ा को सरकार तक पहुंचाने का प्रयास है। मांग की गई कि पेट्रोल और डीजल की बढ़ी हुई कीमतें वापस ली जाएं। चेतावनी दी गई कि यदि महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्टी सड़क से सदन तक आंदोलन जारी रखेगी।

कार्यक्रम में प्रतिभा अटल पाल, मानेश दीक्षित, राकेश साहू, अवनीश सलूजा, राजलक्ष्मी सिंह, पदम मोहन मिश्रा, रितेश यादव, फजल खान, राजेश गौतम, शांतनु दीक्षित समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप