home page

भीषण गर्मी में बिजली कटौती के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन

 | 
भीषण गर्मी में बिजली कटौती के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन


कानपुर, 22 मई (हि.स.)। भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही बिजली कटौती से आम जनता परेशान है, जबकि केस्को अधिकारी शिकायतों पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। फॉल्ट होने के बाद भी सबस्टेशनों पर फोन नहीं उठाए जाते और लोग घंटों बिजली संकट झेलने को मजबूर हैं। यदि व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं हुआ तो बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा। यह बातें शुक्रवार को कानपुर महानगर कांग्रेस अध्यक्ष पवन गुप्ता ने कहीं।

कानपुर महानगर कांग्रेस ने केस्को की बिजली कटौती और अधिकारियों के रवैये के विरोध में प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ता लाल इमली चौराहा से पदयात्रा निकालते हुए पीपीएन मार्केट स्थित केस्को बिजली घर पहुंचे। यहां कार्यकर्ताओं ने बैठकर डमरू, ढोलक और मंजीरा बजाकर विरोध जताया।

प्रदर्शन के दौरान “कानपुर की जनता पस्त, केस्को अधिकारी मस्त” और “ईश्वर अल्लाह तेरो नाम, केस्को को सद्बुद्धि दे भगवान” जैसे नारे लगाए गए। हाथों में पोस्टर लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केस्को के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। मौके पर भारी पुलिस बल भी तैनात रहा।

महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता ने कहा कि इस भीषण गर्मी में अंधाधुंध बिजली कटौती से लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि केस्को अधिकारी एसी कमरों में बैठे हैं जबकि आम नागरिक गर्मी से परेशान हैं। उन्होंने कहा कि शिकायतों के समाधान के लिए कोई प्रभावी व्यवस्था नहीं है और जनता लगातार परेशानी झेल रही है।

प्रदर्शन में आलोक मिश्रा, प्रतिभा अटल, मदन मोहन शुक्ला, नौशाद आलम मंसूरी, विकास अवस्थी, रितेश यादव, महेश मेघानी, राजेश गौतम, हरीश बाजपेई, अजय श्रीवास्तव, इक़लाक अहमद, मानेश दीक्षित, रमाकांत मिश्रा, राकेश साहू, दिलीप शुक्ला, टिल्लू ठाकुर, इस्लाम सिद्दीकी, राम नवल कुशवाहा, सुरेंद्र भदौरिया, इमराना खान समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप