देश आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा, सरकार सिर्फ संयम की अपील तक सीमित न रहे : हिफजुर्रहमान अजमल
गोरखपुर, 13 मई (हि.स.)।कांग्रेस के अल्पसंख्यक विभाग के जिलाध्यक्ष एवं ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक प्रत्याशी हिफजुर्रहमान अजमल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा देशवासियों से संयम बरतने की अपील पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के बयान से स्पष्ट है कि देश केवल पेट्रोल-डीजल, सोना, तेल और रसोई गैस की महंगाई ही नहीं, बल्कि बड़े आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है।
अजमल ने कहा कि अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच जारी युद्ध जैसी परिस्थितियों ने भारत में ऊर्जा संकट और विदेशी मुद्रा भंडार को लेकर नई चिंताएं पैदा कर दी हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना काल की आर्थिक मार से आम जनता अभी पूरी तरह उबर भी नहीं पाई थी कि अब महंगाई और रोजमर्रा की जरूरतों का नया संकट सामने खड़ा हो गया है।
उन्होंने कहा कि गरीब, मजदूर और मेहनतकश वर्ग पहले से ही रोजी-रोटी के संकट से जूझ रहा है, ऐसे में केवल संयम बरतने की अपील करना पर्याप्त नहीं है। सरकार को जनता को राहत देने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।
हिफजुर्रहमान अजमल ने केंद्र और राज्य सरकारों से मांग की कि गरीब परिवारों को तत्काल राहत प्रदान की जाए, ताकि उन्हें आर्थिक दबाव से कुछ राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि सरकारें खुद आगे बढ़कर जनता का सहारा बनें, यही जनहित और देशहित में सबसे जरूरी है।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

