home page

छात्रों के हित में कांग्रेस चलाएगी ‘छात्रों की गूंज’ अभियान

 | 
छात्रों के हित में कांग्रेस चलाएगी ‘छात्रों की गूंज’ अभियान


झांसी, 23 जून (हि.स.)। नीट और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों को लेकर कांग्रेस पार्टी ने केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला है। झांसी में मंगलवार काे आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने शिक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार और लापरवाही का आरोप लगाते हुए छात्रों के हितों की रक्षा के लिए ‘छात्रों की गूंज’ अभियान चलाने की घोषणा की।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता गौरव जैन ने कहा कि केंद्र सरकार का ध्यान शिक्षा और युवाओं के भविष्य पर नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार निजीकरण, केंद्रीकरण और वैचारिक एजेंडे को बढ़ावा देने में लगी है, जबकि छात्रों के हितों की लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2018, 2021, 2022, 2024 और 2026 में नीट परीक्षा से जुड़े विवाद और पेपर लीक की घटनाएं सामने आई हैं। इससे पहले 2015 में एआईपीएमटी (अब नीट) का पेपर भी लीक हो चुका है।

गौरव जैन ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और छात्र संगठन एनएसयूआई के संघर्ष के बाद ही सरकार को नीट परीक्षा दोबारा कराने का निर्णय लेना पड़ा। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी के नेतृत्व में शुरू किए जा रहे ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत छात्रों को जागरूक किया जाएगा और पेपर लीक के खिलाफ आंदोलन चलाए जाएंगे।

कांग्रेस नेता जियाउर्रहमान ने दावा किया कि पिछले 12 वर्षों में 23 राष्ट्रीय परीक्षाओं के पेपर लीक हुए हैं और 90 से अधिक मामले सामने आए हैं। वहीं कांग्रेस नेता सुनील तिवारी ने शिक्षा बजट में कटौती का आरोप लगाते हुए छात्रों के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। प्रेस वार्ता में अमीर चंद्र सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया