home page

कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर दर्ज मुकदमों की हाे निष्पक्ष जांच : जगदीश चन्द्र जांगिड़

 | 
कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर दर्ज मुकदमों की हाे निष्पक्ष जांच : जगदीश चन्द्र जांगिड़


कानपुर, 02 अक्टूबर (हि.स.)। कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर दर्ज मुकदमों को लेकर पुलिस को निष्पक्ष तरीके से जांच करनी चाहिए और यदि किसी मामले में आरोप निराधार पाए जाते हैं तो उचित कार्रवाई की जानी चाहिए। पार्टी कार्यकर्ताओं के मामलों को लेकर कांग्रेस अपनी बात लोकतांत्रिक तरीके से संबंधित अधिकारियों के सामने रखेगी। यह बातें कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव जगदीश चन्द्र जांगिड़ ने शुक्रवार को कानपुर में कहीं।

कानपुर पहुंचे जांगिड़ ने कांग्रेस मुख्यालय तिलक हॉल में पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने महाराजपुर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर दर्ज कराए गए मुकदमों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि पार्टी की ओर से इन मामलों की निष्पक्ष जांच की मांग की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस को किसी भी राजनीतिक दबाव से अलग रहकर कानून के अनुसार कार्रवाई करनी चाहिए।

जांगिड़ ने सुप्रीम कोर्ट की ओर से उत्तर प्रदेश पुलिस को लेकर की गई टिप्पणी का उल्लेख करते हुए कहा कि पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर उठाए गए सवालों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उन्होंने पुलिस आयुक्त से कांग्रेस कार्यकर्ताओं से जुड़े मामलों की समीक्षा कर उचित कार्रवाई करने की मांग की।

उन्होंने कहा कि यदि जांच में मुकदमे तथ्यहीन पाए जाते हैं तो उन्हें समाप्त किया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर कांग्रेस आंदोलन का रास्ता अपना सकती है।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष संदीप शुक्ला ने विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना को लेकर पार्टी की ओर से लगाए गए आरोपों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनप्रतिनिधियों के कामकाज और कथित भ्रष्टाचार के मुद्दों को जनता के बीच उठाती रहेगी। उन्होंने कुछ लोगों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमे दर्ज कराने का आरोप लगाते हुए पुलिस से पूरे मामले की जांच कराने की मांग की।

प्रेसवार्ता में अंकित कन्नौजिया, शिवम पटवा, संदीप मिश्रा, धीरज कुशवाहा, रवि कुमार, अमितेष नारायण तिवारी और प्रशांत चौरसिया मौजूद रहे। भाजपा कार्यकर्ता शिवम कठेरिया के पिता बाबूराम कठेरिया भी पहुंचे और अपने खिलाफ दर्ज मुकदमे से संबंधित जानकारी पत्रकारों के सामने रखी।

इस दौरान कांग्रेस शहर अध्यक्ष पवन गुप्ता, वरिष्ठ कांग्रेस नेता मदन मोहन शुक्ला, नीतम सचान, इखलाक डेविड और चन्द्रमणि मिश्रा समेत अन्य नेता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप