मुरादाबाद के नेचरोपेथी सेंटर में लगा विशेष योग कार्यक्रम
मुरादाबाद, 12 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में कांठ रोड पर मोरा की मिलक स्थित बलदेव अग्रवाल नेचरोपेथी सेंटर रविवार को एक बार फिर स्वास्थ्य जागरूकता और समग्र चिकित्सा के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करता नजर आया। यहां आयोजित विशेष योग कार्यक्रम ने न केवल लोगों को आकर्षित किया, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली की ओर एक सकारात्मक संदेश भी दिया।
कार्यक्रम की खास बात यह रही कि सेंटर में योग के साथ-साथ पूर्ण रूप से आयुर्वेदिक उपचारों की सुविधाओं से भी रूबरू कराया गया। आधुनिक जीवनशैली से उत्पन्न बीमारियों के बीच यह सेंटर प्राकृतिक चिकित्सा और योग के माध्यम से लोगों को एक संतुलित और स्वस्थ जीवन जीने की दिशा में प्रेरित कर रहा है।
योग सत्र के दौरान अनुभवी प्रशिक्षकों ने उपस्थित लोगों को विभिन्न आसनों, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। प्रतिभागियों ने इस सत्र को बेहद लाभकारी बताते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम मानसिक शांति और शारीरिक सुदृढ़ता के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। इस अवसर पर आचार्य अंकित राय ने योगा प्रशिक्षण कराया।
मयंक शर्मा ने सेंटर के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि आज के समय में जहां लोग दवाइयों पर निर्भर होते जा रहे हैं, वहीं ऐसे केंद्र प्राकृतिक और आयुर्वेदिक पद्धतियों से समाज को स्वस्थ बनाने का कार्य कर रहे हैं, जो वास्तव में सराहनीय है।
कार्यक्रम में कृष्ण कुमार नाज़, मयंक शर्मा, अब्दुल मनान, महेंद्र विश्नोई, डॉ उत्कर्ष बाजपेई, अंशिता विश्नोई आदि लोग उपस्थित रहे।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

