home page

इंटरव्यू में सफलता के लिए आत्मविश्वास और अभ्यास जरूरी : शिवेंद्र पांडेय

 | 
इंटरव्यू में सफलता के लिए आत्मविश्वास और अभ्यास जरूरी : शिवेंद्र पांडेय


कानपुर, 21 अक्टूबर (हि.स.)। इंटरव्यू में सफलता के लिए किताबी ज्ञान और शैक्षणिक योग्यता के साथ आत्मविश्वास, प्रभावी संवाद और सही तरीके से अपनी बात रखने का कौशल भी जरूरी है। विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलकूद, वाद-विवाद और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी भाग लेना चाहिए। यह बातें आईआईएम रोहतक के प्रोफेसर एवं छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के पूर्व विद्यार्थी शिवेंद्र पांडेय ने बुधवार को ‘हाउ टू क्रैक एन इंटरव्यू’ विषय पर आयोजित विशेष सत्र में कहीं।

विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट की ओर से कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक के मार्गदर्शन में आयोजित सत्र में प्रो. शिवेंद्र पांडेय ने विद्यार्थियों को नौकरी के लिए इंटरव्यू की तैयारी के व्यावहारिक तरीके बताए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी खूबियों और कमजोरियों को पहचानकर उनमें सुधार करना चाहिए। साथ ही, शैक्षणिक उपलब्धियों, परियोजनाओं, पसंदीदा विषयों और करियर लक्ष्यों से जुड़े सवालों की तैयारी रखनी चाहिए।

उन्होंने बताया कि खेलकूद, भाषण, वाद-विवाद, प्रश्नोत्तरी और सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लेने से नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, समय प्रबंधन और समूह में काम करने का कौशल विकसित होता है। इंटरव्यू के दौरान इन अनुभवों को साझा करना उम्मीदवार के व्यक्तित्व को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने में मदद करता है।

प्रो. पांडेय ने विद्यार्थियों को कंपनी और संबंधित पद के बारे में जानकारी जुटाने, अपना परिचय स्पष्ट रखने तथा समसामयिक घटनाओं से अवगत रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि इंटरव्यू में सवालों को ध्यान से सुनना, सरल भाषा में जवाब देना, उचित शारीरिक हावभाव बनाए रखना और ईमानदारी से अपनी बात रखना महत्वपूर्ण है। नियमित अभ्यास और मॉक इंटरव्यू से घबराहट दूर करने तथा कमियों में सुधार करने में मदद मिलती है।

उन्होंने विद्यार्थियों को अपने ज्ञान, कौशल और व्यक्तित्व को लगातार बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में स्कूल ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट के शिक्षक डॉ. विवेक सचान, अर्पणा कटियार और डॉ. सिद्धांशु राय मौजूद रहे। विद्यार्थियों की ओर से वरदान, वंशज गोयल और तरनप्रीत सिंह ने भी सहभागिता की।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप