home page

पार्कों में वर्षा जल संचयन, जिम उपकरण और सड़कों के विकास पर बनी रणनीति: डॉ. भरत राज सिंह

 | 
पार्कों में वर्षा जल संचयन, जिम उपकरण और सड़कों के विकास पर बनी रणनीति: डॉ. भरत राज सिंह


लखनऊ, 03 मई (हि.स.)। क्षेत्र के पार्कों में वर्षा जल संचयन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। जहां जिम उपकरण नहीं हैं वहां स्थापना कराई जाएगी और रखरखाव भी कराया जाएगा। सड़कों की मरम्मत के लिए त्वरित विकास योजना के तहत स्वीकृति दिलाई जाएगी। रेलवे लाइन के पास की भूमि को पार्क के रूप में विकसित कराने का प्रयास होगा। आगामी चुनाव निर्धारित समय सीमा में पारदर्शी तरीके से कराए जाएंगे। यह बातें रविवार को डॉ. भरत राज सिंह ने कही।

विराम खण्ड–पांच उप-जन कल्याण समिति, गोमतीनगर की बैठक आज विराम खण्ड–पांच स्थित भवन संख्या पांच/तीन सौ तेईस पर अध्यक्ष डॉ. भरत राज सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में क्षेत्रीय विकास से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक में डॉ. भरत राज सिंह, आर. एन. सिंह, राकेश जैतली, राकेश कुमार तिवारी, संजय निगम, डॉ. आर. पी. शर्मा, अतुल कुमार जौहरी, नित्यानन्द पाण्डेय एवं मुकेश सिंह सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने क्षेत्र की समस्याओं और उनके समाधान पर अपने विचार रखे।

विचार-विमर्श के दौरान तय किया गया कि क्षेत्र के सभी पार्कों में वर्षा जल संचयन की व्यवस्था हेतु नगर आयुक्त को पत्र भेजा जाएगा। “अपना पार्क” में अशोक के वृक्षों की कटाई-छंटाई नगर निगम के माध्यम से कराई जाएगी। एलआईजी पार्कों में जिम उपकरण स्थापित कराने के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष को अनुरोध भेजा जाएगा तथा उपकरणों के वार्षिक रखरखाव के लिए अधिशाषी अभियंता को अवगत कराया जाएगा।

उपसमिति के बैंक खाते को पुनः संचालित करने और वार्षिक शुल्क संग्रह अभियान के लिए एमआईजी, एलआईजी और एचआईजी वर्गों हेतु अलग-अलग सदस्यों को जिम्मेदारी दी गई। साथ ही आगामी चुनाव के लिए तीस दिन पूर्व नोटिस जारी करने, कार्यकाल पांच वर्ष करने तथा चुनाव अधिकारी व ऑब्जर्वर के नामों पर विचार किया गया।

चुनाव की तिथि सात जून को निर्धारित की गई है। इसी दिन अमर शहीद चन्द्र शेखर आजाद पार्क में वार्षिक सामान्य बैठक भी आयोजित होगी। अध्यक्ष ने योग केंद्र में कुर्सी और जाली लगाने हेतु दस हजार रुपये देने की घोषणा की। रेलवे लाइन के समीप स्थित भूमि को पार्क के रूप में विकसित कराने हेतु एलडीए को पत्र भेजा जाएगा।

बैठक में संजय निगम ने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया, वहीं सड़कों की मरम्मत हेतु स्वीकृति दिलाने पर गोमती नगर जनकल्याण महासमिति का धन्यवाद ज्ञापित किया गया। अंत में अध्यक्ष ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए बैठक समाप्त की।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप