home page

मन एकाग्र कर लक्ष्य निर्धारित करने से जीवन में सफलता सुनिश्चित : प्रो रीता बहुगुणा जोशी

 | 
मन एकाग्र कर लक्ष्य निर्धारित करने से जीवन में सफलता सुनिश्चित : प्रो रीता बहुगुणा जोशी


--आर्य कन्या महाविद्यालय में एनएसएस विशेष शिविर का हुआ समापन

प्रयागराज, 17 मार्च (हि.स)। आर्य कन्या महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर का अंतिम दिवस उत्साह और सक्रिय सहभागिता के साथ मंगलवार को सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकाल योग, प्राणायाम, प्रार्थना तथा व्यायाम से हुई।

मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं सांसद प्रो. रीता बहुगुणा जोशी ने स्वयंसेविकाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि यदि मन को एकाग्र कर लक्ष्य निर्धारित किया जाए तो व्यक्ति अपने जीवन, राष्ट्रीय सेवा योजना तथा देश के उद्देश्यों को सफलतापूर्वक प्राप्त कर सकता है। उन्होंने अपने बचपन के अनुभव साझा करते हुए स्वयं सेविकाओं को जीवन में अनुशासन, परिश्रम और सेवा भावना अपनाने की प्रेरणा दी।

समन्वयक राष्ट्रीय सेवा योजना इलाहाबाद विश्वविद्यालय प्रो. राजेश गर्ग ने अपने वक्तव्य में स्वयंसेविकाओं द्वारा किए गए सामाजिक कार्यों की सराहना की और उन्हें समाज के प्रति अधिक संवेदनशील एवं जागरूक बनने का संदेश दिया। उन्होंने विशेष रूप से काली बाड़ी और मलिन बस्ती के भ्रमण जैसे कार्यक्रमों को स्वयंसेविकाओं के सामाजिक अनुभव के लिए उपयोगी बताया।

अध्यक्षता करते हुए शासी निकाय के अध्यक्ष पंकज जायसवाल ने स्वयंसेविकाओं को विशेष शिविर की सफलता के लिए बधाई देते हुए कहा कि ऐसे शिविर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने राष्ट्र के प्रति सेवा भाव को युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण का आधार बताया।

इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में बिहार के पारंपरिक झिझिया नृत्य, भाव नृत्य, देशभक्ति गीत, कविता पाठ तथा शिविर के अनुभवों को कविता के रूप में प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में फूलों की होली ने सबको आनंदित कर दिया।

कार्यक्रम में स्वागत प्राचार्या प्रो. अर्चना पाठक एवं धन्यवाद ज्ञापन महाविद्यालय एनएसएस प्रभारी कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रंजना त्रिपाठी द्वारा दिया गया। सात दिवसीय शिविर की आख्या डॉ. शिवानी विश्वकर्मा ने प्रस्तुत की। संचालन कार्यक्रम अधिकारी डॉ. दामिनी श्रीवास्तव ने किया। शिविर का सफल संयोजन व संचालन कार्यक्रम अधिकारी डॉ रंजना त्रिपाठी, डॉ दामिनी, डॉ. भारती, डॉ. सुधा तथा डॉ शिवानी के नेतृत्व में हुआ।

इस विशेष शिविर की सफलता में प्रो० ईभा सिरोठिया, डॉ० ममता गुप्ता, प्रो० अंजू श्रीवास्तव, प्रो० नीलांजना जैन, डॉ सुधा सिंह, डॉ. अनुपमा, डॉ. मुदिता, डॉ. किरन एवं डॉ. चित्रा, डॉ राधा रानी, डॉ पूजा, नीना प्रजापति, नेहा, पूनम जायसवाल, रिचा अवस्थी का विशेष योगदान रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र