home page

परमार्थ त्रिवेणी घाट पर तीन दिवसीय गंगा महोत्सव का समापन

 | 
परमार्थ त्रिवेणी घाट पर तीन दिवसीय गंगा महोत्सव का समापन


प्रयागराज, 26 मई (हि.स)। मां गंगा के पृथ्वी लोक पर अवतरण दिवस के अवसर पर परमार्थ त्रिवेणी पुष्प, प्रयागराज फाउण्डेशन, मां शारदा संगीत समिति एवं यमुनापार लोक संस्कृति परिषद के संयुक्त तत्वावधान में परमार्थ त्रिवेणी घाट (अरैल सेल्फी प्वाइंट) नैनी में आयोजित तीन दिवसीय गंगा महोत्सव के तृतीय व समापन दिवस पर मां गंगा के पूजन अर्चन व हवन के साथ ही वेद मन्त्रों के सस्वर उच्चारण के मध्य ऋषि पुत्रियों के द्वारा मां गंगा की भव्य आरती की गई।

कार्यक्रम में अतिथि के रूप में प्रदीप महरा शास्त्री, भाजपा नेता शिवशंकर दीक्षित, गंगा सेव मंच के अध्यक्ष डॉ. प्रमोद शर्मा, दिनेश तिवारी, महंत शुक्राईनाथ योगी आदि अतिथियों ने भी ऋषि कन्याओं के साथ माँ गंगा का पूजन-अर्चन एवं आरती किया। महोत्सव में आमंत्रित सभी कलाकारों का अभिवादन करते हुए आयोजक संस्थाओं के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित किया।

हवन, पूजन, आरती, भजन से पूरा वातावरण भक्तिमय था। घाट पर हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ भक्ति व आस्था में लीन दिखी। आरती के पश्चात राष्ट्रगान के साथ आज का सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रारम्भ हुआ। जिसमें मां शारदा संगीत समिति नैनी द्वारा लोकप्रिय पारम्परिक ढेढ़िया नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति तथा सुप्रसिद्ध गायक आशीष शर्मा, मोहिनी श्रीवास्तव, शान भानू, कृष्ण कुमार सत्यार्थी, राधे राधे बैण्ड मुम्बई के सूर्य-प्रकाश दुबे के सुमधुर भजनों से पूरा वातावरण भक्तिभाव से ओत-प्रोत रहा।

इस अवसर पर प्रयागराज फॉउण्डेशन के अध्यक्ष शशांक शेखर पाण्डेय, स्वामी चिदानंद सरस्वती महाराज के कृपापात्र शिष्य माधव, प्रकृतिवेदा वेलनेस केन्द्र के निदेशक डॉ. पुष्पेंद्र सिंह, मां शारदा संगीत समिति के निदेशक अभिषेक सिंह, द स्टेप फ़ाउण्डेशन के अध्यक्ष दिलीप चौधरी, अभिमन्यु मिश्रा ने आये सभी अतिथियों को अंगवस्त्र, रुद्राक्ष की माला, चन्दन का पौधा और स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनका अभिनंदन किया।

कार्यक्रम का संचालन करते हुए दत्तात्रेय पाण्डेय ने सभी अतिथियों एवं इस आयोजन को सफल बनाने में प्रत्यक्ष परोक्ष रूप से जिनका योगदान रहा, उन सभी का आभार प्रकट किया। इस अवसर पर नीतू राय, सीमा त्रिपाठी, गौरव त्रिपाठी, प्रदीप विश्वकर्मा, विजय कनौजिया, विकास कुमार, शाम्भवी शर्मा, अंकिता सिंह, शालिनी सिंह, नितिन कनौजिया, देवराज सिंह, ऋृषभ चौरसिया आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र