home page

मेडिकल कॉलेज में जटिल सर्जरी सफल, 6 घंटे चला ऑपरेशन

 | 
मेडिकल कॉलेज में जटिल सर्जरी सफल, 6 घंटे चला ऑपरेशन


बांदा, 26 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में एक बार फिर जटिल सर्जरी को सफलतापूर्वक कर चिकित्सकों ने साबित कर दिया कि सीमित संसाधनों में भी बेहतर इलाज संभव है। कॉलेज के ईएनटी एवं कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. भूपेंद्र सिंह और उनकी टीम ने 17 वर्षीय युवक की नाक के अंदर नस में मौजूद 3x3 सेंटीमीटर के ट्यूमर (जेएनए) को सफल ऑपरेशन के जरिए निकाल दिया।

बांदा जिले के सिमौनी निवासी उत्तम पुत्र चुनुबाद को बचपन से ही नाक की समस्या थी। उसे अक्सर जुकाम रहता था। दवा लेने पर कुछ समय के लिए राहत मिलती, लेकिन फिर समस्या दोबारा शुरू हो जाती। पिछले छह माह से परेशानी अधिक बढ़ गई थी। जुकाम के साथ नाक से खून आने लगा और सांस लेने में भी दिक्कत होने लगी। परिजनों ने पहले स्थानीय डॉक्टरों से उपचार कराया, लेकिन राहत न मिलने पर युवक को लखनऊ ले जाया गया। वहां जांच में पता चला कि नाक की नस में 3x3 सेंटीमीटर का ट्यूमर (जुवेनाइल नैसोफैरिंजियल एंजियोफाइब्रोमा) है। ट्यूमर की जटिल स्थिति को देखते हुए लखनऊ के डॉक्टरों ने ऑपरेशन से मना कर उच्च केंद्र ले जाने की सलाह दी।

आर्थिक रूप से कमजोर परिवार वापस बांदा लौट आया और मेडिकल कॉलेज में डॉ. भूपेंद्र सिंह से संपर्क किया। डॉक्टर ने मरीज को भर्ती कर मंगलवार को सर्जरी की। करीब 5 से 6 घंटे चले जटिल ऑपरेशन के बाद ट्यूमर को सफलतापूर्वक निकाल दिया गया।

डॉ. भूपेंद्र सिंह ने गुरुवार को बताया कि ट्यूमर नस में स्थित था, जिससे सर्जरी अत्यंत जटिल थी। हालांकि, वे पहले भी इस प्रकार के ऑपरेशन कर चुके हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद पूरी टीम के सहयोग से यह सर्जरी सफल रही।

उन्होंने बताया कि मरीज को सरकारी शुल्क के अलावा कोई अतिरिक्त खर्च नहीं करना पड़ा। यदि यही ऑपरेशन किसी बड़े शहर के निजी अस्पताल में होता, तो लाखों रुपये खर्च हो सकते थे। करीब छह घंटे तक चले इस ऑपरेशन में ईएनटी सर्जन डॉ. कबीर, डॉ. प्रियंका, डॉ. कपिल, डॉ. मृत्युंजय मल्होत्रा, डॉ. सुरभि राजोरिया सहित एनेस्थीसिया विभाग से डॉ. सुशील पटेल, डॉ. प्रिया दीक्षित, डॉ. आशुतोष वर्मा, डॉ. पंकज, डॉ. अजीत, डॉ. विनीत, डॉ. सायबा और ओटी स्टाफ से प्रिया व अवधेश कुमार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. एस.के. कौशल ने सफल ऑपरेशन के लिए डॉ. भूपेंद्र सिंह और उनकी पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि मेडिकल कॉलेज के लिए गर्व का विषय है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह