सात दिन के अंदर ग्राम गजेटियर का कार्य पूरा करें : मुख्य विकास अधिकारी
मुरादाबाद, 02 मई (हि.स.)। सहायक विकास अधिकारियों (पंचायत) को शनिवार को ग्राम गजेटियर तैयार करने का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रशिक्षण भी दिया गया है, जो पंचायत सचिवों व पंचायत सहायकों को प्रशिक्षित करेंगे। मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी ने पंचायत एवं विकास विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर सात दिन के अंदर ग्राम गजेटियर का कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
सीडीओ ने प्रथम चरण में चयनित 132 ग्राम पंचायतों में डिजिटल पुस्तकालयों में पुस्तकों एवं फर्नीचर को रखवाते हुए संचालन कराने को कहा है, प्रत्येक विकास खंड में एक मॉडल पुस्तकालय भी बनेगा।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि नई और पुरानी परंपराओं को लेकर गांवों में बड़े-बड़े विवाद सामने आते रहते हैं, उनमें बदलाव भी कर दिया जाता है, जो आगे चलकर विवाद का कारण बन जाता है। इन्हीं सब स्थितियों को देखते हुए प्रदेश शासन ने अब हर गांव का अपना गजेटियर तैयार करने के निर्देश दिए हैं, जिसे तैयार करने की जिम्मेदारी ग्राम पंचायत सचिवों पर है। बैठक में डीडीओ गोविंद बल्लभ पाठक, डीपीआरओ आलोक शर्मा, बीएसए विमलेश कुमार आदि कई अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

