home page

विश्व स्वास्थ्य दिवस पर सीएसजेएमयू में प्रतियोगिताएं आयोजित, स्वास्थ्य जागरूकता पर दिया जोर : धीरज कुमार

 | 
विश्व स्वास्थ्य दिवस पर सीएसजेएमयू में प्रतियोगिताएं आयोजित, स्वास्थ्य जागरूकता पर दिया जोर : धीरज कुमार


कानपुर, 07 अप्रैल (हि.स.)। विश्व स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना समय की सबसे बड़ी जरूरत है। युवाओं को स्वास्थ्य शिक्षा से जोड़कर ही स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है। छात्रों में जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना जरूरी है। शिक्षण संस्थानों की भूमिका इसमें अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है। स्वास्थ्य शिक्षा और जागरूकता बच्चों और युवाओं के जीवन में बेहद जरूरी हैं। यह बातें मंगलवार को सहायक निदेशक धीरज कुमार ने कही।

छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय कानपुर में विश्व स्वास्थ्य दिवस के उपलक्ष्य में आज को स्कूल ऑफ हेल्थ साइंसेज़ द्वारा भाषण प्रतियोगिता एवं पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन इस वर्ष की थीम “स्वास्थ्य के लिए एकजुट, विज्ञान के साथ खड़े रहें” के तहत किया गया।

स्कूल ऑफ हेल्थ साइंसेज़ के निदेशक डॉ. मुनीश रस्तोगी और एसोसिएट डीन (प्रशासन) डॉ. दिग्विजय शर्मा के निर्देशन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का संचालन सहायक निदेशिका डॉ. हिना वैश्य एवं सहायक निदेशक धीरज कुमार ने किया।

इस अवसर पर विश्वदीप मिश्रा, दयाशंकर रस्तोगी सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वास्थ्य जागरूकता, जीवनशैली प्रबंधन एवं रोगों की रोकथाम जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।

अपने संबोधन में धीरज कुमार ने विद्यार्थियों के विचारों की सराहना करते हुए कहा कि प्रारंभिक अवस्था से ही स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता विकसित करना आवश्यक है, जिससे युवा स्वयं के साथ-साथ समाज को भी स्वस्थ बनाने में योगदान दे सकें।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित कर उनके प्रयास, समर्पण एवं शैक्षणिक भावना की सराहना की गई।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप