home page

पिछड़ा वर्ग के राजनीतिक पिछड़ेपन की वास्तविक स्थिति का आकलन कर रहा आयोग : बृजेश कुमार

 | 
पिछड़ा वर्ग के राजनीतिक पिछड़ेपन की वास्तविक स्थिति का आकलन कर रहा आयोग : बृजेश कुमार


कानपुर, 13 अगस्त (हि.स.)। स्थानीय ग्रामीण निकायों में अन्य पिछड़ा वर्ग के राजनीतिक और सामाजिक पिछड़ेपन की वास्तविक स्थिति का अनुभवजन्य आकलन किया जा रहा है। प्रदेश के सभी 75 जिलों से तथ्य, आंकड़े और सुझाव जुटाकर विस्तृत रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंपी जाएगी। यह बातें गुरुवार को उत्तर प्रदेश राज्य स्थानीय ग्रामीण निकाय समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य एवं सेवानिवृत्त जिला जज बृजेश कुमार ने गुरुवार को कानपुर में जनसुनवाई के दौरान कहीं।

आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दृष्टिगत आयोग ने ग्रामीण क्षेत्रों में अन्य पिछड़ा वर्ग के राजनीतिक पिछड़ेपन के स्वरूप और उसके प्रभाव को लेकर जनसुनवाई की। सरसैयाघाट स्थित नवीन सभागार के बाद कल्याणपुर विकासखंड सभागार में जनप्रतिनिधियों से संवाद कर उनकी समस्याएं, अनुभव और सुझाव लिए गए।

बैठक में आयोग के सदस्य सेवानिवृत्त अपर जिला जज संतोष कुमार विश्वकर्मा, सेवानिवृत्त आईएएस डॉ. अरविंद कुमार चौरसिया और सेवानिवृत्त आईएएस एसपी सिंह मौजूद रहे। आयोग के सदस्यों ने निवर्तमान जिला पंचायत सदस्यों, ब्लॉक प्रमुखों एवं प्रशासकों, ग्राम प्रधानों एवं प्रशासकों तथा क्षेत्र पंचायत सदस्यों एवं प्रशासकों से पिछड़ा वर्ग की राजनीतिक भागीदारी पर जानकारी ली।

जनप्रतिनिधियों से पिछड़ा वर्ग के आरक्षण, अनुमानित आबादी, प्रमुख जातियों, राजनीतिक प्रतिनिधित्व, सामाजिक और आर्थिक स्थिति तथा पिछड़ेपन के कारणों पर फीडबैक लिया गया। इसके अलावा शिक्षा, रोजगार, सरकारी सेवाओं और उच्च पदों पर भागीदारी की स्थिति भी जानी गई। ग्रामीण क्षेत्रों में पक्के आवास, शौचालय, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता से संबंधित जानकारी भी आयोग ने जुटाई।

निवर्तमान पंचायत प्रतिनिधियों ने शैक्षिक पिछड़ापन दूर करने, रोजगारपरक शिक्षा को बढ़ावा देने, आर्थिक स्थिति सुधारने और स्थानीय राजनीति में पिछड़ा वर्ग की भागीदारी बढ़ाने के संबंध में सुझाव दिए।

बृजेश कुमार ने बताया कि कानपुर नगर प्रदेश का 22वां जिला है, जहां आयोग ने भ्रमण कर जनप्रतिनिधियों और संबंधित पक्षों से जानकारी प्राप्त की है। आयोग सभी 75 जिलों का दौरा कर तथ्यों और सुझावों को संकलित करेगा।

कल्याणपुर में हुई बैठक में निवर्तमान ब्लॉक प्रमुख एवं प्रशासक अनुराधा अवस्थी, खंड विकास अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी पंचायत सहित निवर्तमान ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। इस अवसर पर जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ. विवेक चतुर्वेदी, जिला विकास अधिकारी, जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी और जिला पंचायत राज अधिकारी मनोज कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप