वृंदावन में रंगभरी एकादशी पर उमड़ा सैलाब, रंग-गुलाल से परिक्रमा मार्ग पटा
मथुरा, 27 फरवरी(हि.स.)। वृंदावन में रंगभरी एकादशी पर परिक्रमार्थियों का रेला परिक्रमा मार्ग पर देरसायं तक नजर आया। जगह-जगह पुलिस बल तैनात किया गया था। परिक्रमा मार्ग को नो व्हीकल जोन बनाया गया था। वॉच टॉवरों पर खड़ी पुलिस लोगों को माइक से दिशा निर्देश दे रही थी। किसी प्रकार से कोई बखेड़ा न खड़ा हो इस बात का विशेष ध्यान रखा जा रहा था। रंग रंग गुलालों गुलालों के साथ परिक्रमार्थी वृन्दावन की परिक्रमा कर रहे हैं। रंगभरनी एकादशी ऐसा पर्व है जिस दिन ब्रज के सभी मंदिरों में रंगबिरंगी होली का आयोजन होता है। परिक्रमा मार्ग में देशी-विदेशी भक्त रंग गुलाल लगाते देखे गए। परिक्रमा मार्ग में देरसांय तक बांके बिहारी के जयकारें गूंजते रहे।
मथुरा गोवर्धन सहित वृन्दावन के मंदिरों में रंगभरनी एकादशी पर विविध आयोजन हुए, देवालयों में उत्साह का माहौल है। रंगभरनी एकादशी के कारण काफी संख्या में परिक्रमार्थी आज वृन्दावन पहुंचे हैं। महिला पुरूष होली के गीत गाते और बांके बिहारी के जयकारे लगाते परिक्रमा कर रहे हैं। मंदिरों और परिक्रमा मार्ग में भक्तों के सैलाब को देखते वृन्दावनवासी भी सेवा में जुटे हैं। होली के त्यौहार के कारण विभिन्न प्रान्तों से तीर्थयात्री ब्रज की होली का आनन्द लेने के लिए मथुरा वृन्दावन, गोकुल गोवर्धन, दाऊजी, नंदगांव, बरसाना के मंदिरों में पहुंच रहे हैं। यहां होने वाले आयोजनों में होली के गीत, रंग गुलाल से सभी अभिभूत हैं। परिक्रमा मार्ग में पुलिस जगह-जगह एनाउंसमेंट कर रही है कि कोई किसी पर जबरदस्ती रंग न डाले। अतिउत्साह में युवा किसी से अभद्रता न करें। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए, जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती की गई, वॉच टावरों के साथ सीसीटीवी के माध्यम से सतत निगरानी रखी गई, ताकि पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से सम्पन्न हो सके।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

