home page

कानपुर को मॉडल सिटी बनाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी : जिलाधिकारी

 | 
कानपुर को मॉडल सिटी बनाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी : जिलाधिकारी


कानपुर, 07 दिसंबर (हि.स.)। कानपुर की पहचान को नई दिशा देने के लिए यह एक सराहनीय पहल है, जिसमें शहर के विविध क्षेत्रों के स्थापित व्यक्तित्व एक मंच पर आए हैं। कानपुर असीमित संभावनाओं वाला शहर है और इसे मॉडल सिटी के रूप में स्थापित करने का स्पष्ट विजन आवश्यक है। जनपद को खुशहाल स्वरूप देने के लिए हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। हमें ऐसी सकारात्मक सोच विकसित करनी होगी जो लोगों को एकजुट होकर कार्य करने की प्रेरणा दे। यह बातें रविवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कही।

कानपुर को एक नए स्वरूप में स्थापित करने और बेहतर बनाने की दिशा में आज पहला महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया गया। कानपुर सुपर 100 के तत्वावधान में आयोजित ‘कानपुर वॉक’ का शुभारंभ किया गया। नाना राव पार्क से प्रारंभ होकर ग्रीन पार्क तक आयोजित इस वॉक में जिलाधिकारी और क्षेत्रीय अध्यक्ष ने पूर्ण सहभागिता की।

कानपुर सुपर 100 के संस्थापक डॉ. सुधांशु राय ने बताया कि इस समूह में 100 विशेषज्ञ शामिल हैं तथा हमारा लक्ष्य 2026 तक कानपुर के लिए एक विस्तृत रोडमैप तैयार कर शहर को सौंपना है। इसी उद्देश्य से आगामी समय में ‘कानपुर कॉन्क्लेव’ का आयोजन भी प्रस्तावित है। कानपुर वॉक के संयोजक अनिल गुप्ता ने बताया कि यह वॉक कानपुर सुपर 100 के शुभारंभ का कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य आमजन में अपने शहर के प्रति सकारात्मक भावना को जागृत करना है।

डॉ. उमेश पालीवाल ने कहा कि कानपुर को एक समाजोन्मुख सोच देना ही समूह का प्रथम लक्ष्य है।

कार्यक्रम का संचालन बिरजू एवं मुस्कुराए कानपुर की सचिव दीपिका श्रीवास्तव द्वारा किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप