home page

मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत पारदर्शिता के साथ शीघ्र शुरू हों कोचिंग कक्षाएं : सीडीओ

 | 
मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत पारदर्शिता के साथ शीघ्र शुरू हों कोचिंग कक्षाएं : सीडीओ


कानपुर, 13 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन उपलब्ध कराकर उन्हें आईएएस, पीसीएस, जेई, नीट एवं एसएससी जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता दिलाना है। संबंधित अधिकारी चयन प्रक्रिया को पूर्ण पारदर्शिता एवं गुणवत्ता के साथ शीघ्र संपन्न कराते हुए कोचिंग कक्षाएं जल्द प्रारंभ कराएं, ताकि विद्यार्थियों का बहुमूल्य समय व्यर्थ न हो। यह बातें सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जैन ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहीं।

मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत जनपद के प्रतिभाशाली युवाओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क कोचिंग उपलब्ध कराने के लिए शिक्षकों के चयन हेतु साक्षात्कार आयोजित किया गया। मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जैन की अध्यक्षता में आयोजित साक्षात्कार में विभिन्न विषयों के विशेषज्ञ अभ्यर्थियों का मूल्यांकन किया गया। इस दौरान क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी तथा जिला समाज कल्याण अधिकारी बीरपाल भी उपस्थित रहे।

जिला समाज कल्याण अधिकारी बीरपाल ने बताया कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए शिक्षकों से आवेदन आमंत्रित किए गए थे। कुल 55 शिक्षकों के चयन के सापेक्ष 101 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 83 अभ्यर्थी साक्षात्कार में उपस्थित हुए, जबकि 18 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।

उन्होंने बताया कि आईएएस एवं पीसीएस (सिविल सेवा) की निःशुल्क कोचिंग छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर परिसर में, नीट की कोचिंग राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय, कल्याणपुर तथा एसएससी की कोचिंग डीबीएस डिग्री कॉलेज, कानपुर में संचालित की जाएगी।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि चयन प्रक्रिया पूरी होते ही निःशुल्क कोचिंग कक्षाएं शीघ्र प्रारंभ कराई जाएंगी, जिससे अभ्यर्थियों को अनुभवी शिक्षकों का मार्गदर्शन समय पर मिल सके और वे प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी कर सकें।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप